गुरु रविदास जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
गुरु रविदास जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 1 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महान संत, समाज सुधारक और मानवतावादी विचारक गुरु रविदास की जयंती के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि गुरु रविदास के विचारों में न्याय, समानता और करुणा का भाव सर्वोपरि था, जो आज की जनकल्याणकारी सरकारी योजनाओं की मूल प्रेरणा है।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि गुरु रविदास जी द्वारा प्रज्वलित सामाजिक समरसता, समानता और सद्भावना का दीप देशवासियों के मार्ग को सदैव आलोकित करता रहेगा। उनके विचार समाज को विभाजन से ऊपर उठकर एकता और भाईचारे के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गुरु रविदास का जीवन सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध संघर्ष और मानवता की सेवा को समर्पित था। उन्होंने अपने उपदेशों और रचनाओं के माध्यम से एक ऐसे समाज की कल्पना की, जहां हर व्यक्ति को सम्मान, समान अधिकार और न्याय मिले।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गुरु रविदास मानवता के अनन्य उपासक थे। उनके विचार समानता, न्याय और करुणा जैसे मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं, जो न केवल आज के समय में बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं।

प्रधानमंत्री ने देशवासियों से गुरु रविदास के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और सामाजिक सौहार्द, समावेशिता तथा मानवीय मूल्यों को और मजबूत करने का आह्वान किया।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story