प्रधानमंत्री मोदी ने जीएसटी सुधारों के नए दौर का स्वागत किया

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी ने जीएसटी सुधारों के नए दौर का स्वागत किया


प्रधानमंत्री मोदी ने जीएसटी सुधारों के नए दौर का स्वागत किया


नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को जीएसटी परिषद में मंजूर सुधारों के नए दौर का स्वागत करते हुए कहा कि इन सुधारों का जोर तेजी से निर्णय लेने, अनुपालन लागत घटाने तथा रिफंड को स्वचालित बनाने पर है।

प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी ने ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में कहा, मैं जीएसटी परिषद के द्वारा मंजूर किए गए जीएसटी सुधारों के नए दौर का स्वागत करता हूं। कर मामलों में गिरफ्तारी के प्रावधान हटाने, अपराध के दायरे को कम करने और प्रक्रियाओं को सरल बनाने से जुड़े हुए जीएसटी परिषद के फैसलों का बहुत सकारात्मक असर होगा।

मोदी ने कहा कि हमारा फोकस साफ है, तेजी से फैसले, कम अनुपालन लागत, ऑटोमेटेड रिफंड और भरोसे पर आधारित प्रशासन। यह कदम जीएसटी को ज्यादा कुशल, पारदर्शी और नागरिक-अनुकूल बनाने की हमारी लगातार कोशिशों के अनुरूप हैं।

जीएसटी परिषद ने आज अपनी 57वीं बैठक में कर अधिकारियों की गिरफ्तारी की शक्ति खत्म करने और अभियोजन की सीमा पांच गुना कर पांच करोड़ रुपये करने को मंजूरी दी है। इसके अलावा करदाताओं के लिए तेज और बड़े पैमाने पर स्वचालित रिफंड व्यवस्था शुरू करने का फैसला किया गया।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जीएसटी परिषद की 57वीं बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि सामान्य जुर्माने को भी 25 हजार रुपये से घटाकर 10 हजार रुपये करने का निर्णय किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story