प्रधानमंत्री मोदी 8 सितंबर को गुजरात के नवसारी आएंगे, नवनिर्मित ‘कमलम’ कार्यालय का करेंगे लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी 8 सितंबर को गुजरात के नवसारी आएंगे, नवनिर्मित ‘कमलम’ कार्यालय का करेंगे लोकार्पण


नवसारी, 29 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 8 सितंबर 2026, मंगलवार को गुजरात के नवसारी जिले के दौरे पर आएंगे। प्रधानमंत्री दोपहर 2 बजे ग्रिड राजमार्ग स्थित नवनिर्मित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय ‘कमलम’ का लोकार्पण करेंगे।

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटील की विशेष उपस्थिति एवं अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था, राजमार्ग की स्वच्छता, सभा स्थल, पार्किंग व्यवस्था तथा कार्यक्रम स्थल की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान ‘स्वच्छता ही सेवा’ और ‘जल संचय’ से जुड़े जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटील ने प्रधानमंत्री के भव्य स्वागत सहित पूरे लोकार्पण कार्यक्रम को व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में वित्त मंत्री एवं प्रभारी मंत्री कनुभाई देसाई, आदिवासी विकास तथा खादी-ग्रामोद्योग मंत्री नरेशभाई पटेल, विधायक राकेशभाई देसाई एवं संगीता पाटील, संगठन अध्यक्ष भूराभाई, जिला कलेक्टर मनीष गुरवानी, जिला विकास अधिकारी कार्तिक जीवाणी, पुलिस अधीक्षक राहुल पटेल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Share this story