प्रधानमंत्री मोदी ने शारदीय नवरात्रि पर महागौरी से की सबके उज्ज्वल भविष्य की कामना

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी ने शारदीय नवरात्रि पर महागौरी से की सबके उज्ज्वल भविष्य की कामना


नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सुबह सबसे पहले शारदीय नवरात्रि पर मां महागौरी से समस्त देशवासियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने एक्स पर लिखा, ''त्याग और तप की देवी मां महागौरी के आशीष से सबका भविष्य उज्ज्वल हो। हर किसी को जीवन में यश और कीर्ति की प्राप्ति हो, यही कामना है।''

प्रधानमंत्री मोदी ने दूसरी पोस्ट में सुभाषितम्- ''यैस्तु भक्त्या स्मृता नूनं तेषां वृद्धिः प्रजायते। ये त्वां स्मरन्ति देवेशि रक्षसे तान्न संशयः।।'' साझा किया।

यह श्लोक सनातन धर्म के प्रसिद्ध ग्रंथ 'दुर्गा सप्तशती' के 'देवी कवचम्' से लिया गया है।

इसका भाव है, ''जिन्होंने भक्तिपूर्वक देवी का स्मरण किया है, उनका निश्चय ही अभ्युदय (उन्नति और वृद्धि) होता है। हे देवेश्वरी! जो तुम्हारा चिंतन करते हैं, तुम उनकी निःसन्देह रक्षा करती हो।'' आदिकाल से मान्यता है कि इस कवच का पाठ करने से साधक की हर परिस्थिति में नकारात्मक ऊर्जा, भय, शोक और संकटों से रक्षा होती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763265 Articles

Share this story