प्रधानमंत्री ने ओमान, कुवैत और कतर के नेताओं से की बातचीत, हमलों की निंदा की

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री ने ओमान, कुवैत और कतर के नेताओं से की बातचीत, हमलों की निंदा की


नई दिल्ली, 03 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को ओमान, कुवैत और कतर के शीर्ष नेतृत्व से टेलीफोन पर बातचीत कर क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की और संबंधित देशों की संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन की कड़ी निंदा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक से बातचीत के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि उन्होंने पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रम पर विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने ओमान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन की निंदा करते हुए कहा कि क्षेत्र में शीघ्र शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए सतत कूटनीतिक प्रयास आवश्यक हैं। प्रधानमंत्री ने ओमान में रह रहे भारतीय समुदाय को निरंतर समर्थन देने के लिए सुल्तान का आभार भी व्यक्त किया।

इसी क्रम में प्रधानमंत्री ने कुवैत के क्राउन प्रिंस शेख सबा अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबाह से भी फोन पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि भारत कुवैत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन की निंदा करता है और इस कठिन समय में कुवैत की जनता के साथ एकजुटता से खड़ा है। दोनों नेताओं ने संवाद और कूटनीति के माध्यम से क्षेत्रीय शांति और स्थिरता बहाल करने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रधानमंत्री ने कुवैत में भारतीय समुदाय की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए वहां के नेतृत्व के प्रयासों की सराहना की।

मोदी ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से भी बातचीत की। उन्होंने कतर की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के किसी भी उल्लंघन की कड़ी निंदा करते हुए कतर के साथ एकजुटता व्यक्त की। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए संवाद और कूटनीति को जरूरी बताया। प्रधानमंत्री ने कतर में भारतीय समुदाय की देखभाल और समर्थन के लिए आभार भी जताया।

उल्लेखनीय है कि पिछले 48 घंटों में प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया के कई नेताओं से बातचीत की है। इनमें संयुक्त अरब अमीरात, इजराइल, सऊदी अरब, जॉर्डन, बहरीन, ओमान, कुवैत और कतर के नेता शामिल हैं। बातचीत के दौरान क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति और वहां रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा एवं कल्याण प्रमुख विषय रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story