अजमेर में कल प्रधानमंत्री का दौरा, 16,686 करोड़ की 43 परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
अजमेर में कल प्रधानमंत्री का दौरा, 16,686 करोड़ की 43 परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण


-एचपीवी टीकाकरण अभियान की करेंगे शुरुआत, 21,863 युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

जयपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार 28 फ़रवरी को राजस्थान के अजमेर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में भजनलाल शर्मा भी उपस्थित रहेंगे। प्रधानमंत्री विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करने के साथ जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा अजमेर शहर की कायड़ विश्रामस्थली पर आयोजित होगी।

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री लगभग 16 हजार 686 करोड़ रुपये की लागत की 43 प्रमुख विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की 8 हजार 554 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाएं शामिल हैं, जो शहरी विकास, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सार्वजनिक निर्माण, ऊर्जा, जल संसाधन और उद्योग क्षेत्रों से संबंधित हैं।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री बालिकाओं को एचपीवी टीके की पहली खुराक देकर अभियान की शुरुआत करेंगे। यह पहल सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अभियान का उद्देश्य प्रारंभिक अवस्था में टीकाकरण के माध्यम से बीमारी की रोकथाम करना और महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी 8 हजार 132 करोड़ रुपये की नौ परियोजनाओं को भी इस अवसर पर समर्पित किया जाएगा। इनमें बांदीकुई से जयपुर तक 4 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के एक पैकेज तथा प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार और चौड़ाईकरण से जुड़े कार्य शामिल हैं। जयपुर में सांगानेर से मालपुरा गेट तक एलिवेटेड रोड और जोधपुर में महामंदिर से अखलिया चौराहा तक 4 लेन एलिवेटेड रोड जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी शिलान्यास होगा।

स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में नोनेरा वृहद् पेयजल परियोजना और परवन अकावद वृहद् पेयजल परियोजना के विभिन्न पैकेजों की आधारशिला रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा पारेषण प्रणाली के तहत 3,616 करोड़ रुपये की परियोजना का लोकार्पण तथा 220 केवी और 400 केवी ग्रिड सब-स्टेशनों का शिलान्यास भी प्रस्तावित है।

प्रधानमंत्री इस अवसर पर राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित 21,863 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान करेंगे। इनमें पटवारी, संविदा कनिष्ठ तकनीकी सहायक, पशुधन सहायक, सीएचओ, पब्लिक हेल्थ केयर नर्स, लैब तकनीशियन और अन्य पद शामिल हैं।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर केन्द्रीय सुरक्षा एजेन्सियां, राज्य की भजनलाल सरकार और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। प्रधानमंत्री के अजमेर दौरे को देखते हुए गेगल से किशनगढ़ के बीच शनिवार सवेरे 6 बजे से कई स्थानों पर यातायात का डायवर्जन किया गया है। प्रधानमंत्री बोइंग 737 से किशनगढ़ एयरपोर्ट पर उतरेंगे और यहां से वायुसेना के हेलिकॉप्टर से कायड़ विश्रामस्थली पर बनाए गए हेलिपैड पर उतरेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story