उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट का प्रधानमंत्री ने किया शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट का प्रधानमंत्री ने किया शिलान्यास


नोएडा, 21 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर के यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में वर्चुअल माध्यम से उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनीट का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तर प्रदेश के कई मंत्री, विधायक और सांसद मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारत विकसित होने के लक्ष्य पर बहुत तेजी से काम कर रहा है और मैंने लाल किले से भी कहा है कि भारत के पास रूकने का, थमने का समय नहीं है। उन्होंने कहा कि 12 जनवरी को विकसित भारत यंग लीडर मिशन से देश के लाखों युवा जुड़े। इसके बाद 16 जनवरी को नेशनल स्टार्टअप डे मनाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत को नई गति देने वाला बजट आया। यह सप्ताह भी भारत के लिए ऐतिहासिक सिद्ध हो रहा है। एआई इम्पैक्ट समिट में अनेक देशों के राष्ट्राध्यक्ष समेत टेक्नोलॉजी जगत के कई दिग्गज दिल्ली में जुटे। इस समिट में दुनिया ने भारत के एआई सामर्थ्य को देखा, हमारे विजन को समझा और सराहा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक विश्व को चलाने के लिए जिस प्रोसेसिंग पावर की जरूरत है, उसमें भी भारत अब दुनिया के टॉप देश में शामिल होने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर दोनों पहलुओं पर एक साथ काम कर रहा है। हम सभी के लिए यह गर्व की बात है कि उत्तर प्रदेश भी भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। इस यूनिट से उत्तर प्रदेश और देश के युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार मिलेगा।

उन्होंने कहा कि जहां पर सेमीकंडक्टर यूनिट आता है वहां पर डिजाइंस आते हैं, रिसर्च सेंटर आते हैं, स्टार्टअप इकोसिस्टम बनता है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस दशक में भारत टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में जो कुछ कर रहा है वह 21वीं सदी के हमारे सामर्थ्य का आधार बनेगा। उन्होंने कहा कि भारत में सशक्त सेमीकंडक्टर का विकास भी इसका एक उदाहरण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में भारत ने अपना सफर भले ही देरी से शुरू किया है लेकिन आज हम बहुत तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 20वीं सदी में जिस देश के पास तेल था वहां पर समृद्ध और सामर्थ्य था। 21वीं सदी में यही सामर्थ्य छोटी सी चीप के पास है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान हमने देखा है कि छोटी सी चीप की सप्लाई चेन कितनी कमजोर रही। उस दौरान चीप की सप्लाई रूकने से दुनिया में फैक्ट्रियां रुक गईं। भारत ने उस संकट से भी सीखा और उसे अवसर में बदलने का प्रयास शुरू किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमने तय किया है कि भारत को चिप मैन्युफैक्चरिंग में आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि जब भारत की चीप मेक इन इंडिया होगी तो हमें आधुनिक साज्जो-सामान की मैन्युफैक्चरिंग के लिए दूसरों की तरफ नहीं देखना पड़ेगा। जब हमारे पास अपनी चीप होगी तो हर सेक्टर में भारत की गति बिना रूके जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर और बैटरी निर्माण के लिए बड़े कदम उठा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बहुआयामी विजन के चलते उत्तर प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के समय में गोलियां चलती थी, अपहरण होते थे, अराजक व्यवस्था का आलम था, इतना डर था कि लोग सूर्यास्त होने के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे। आज जेवर का यह क्षेत्र न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि भारत का जेवर बनकर उभर रहा है।

योगी ने कहा कि आज यहां प्रदेश का प्रथम सेमीकंडक्टर यूनिट स्थापित होने से इस क्षेत्र की नई पहचान होगी। सभी के सकारात्मक प्रयास की वजह से यह क्षेत्र न सिर्फ मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग बल्कि इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट के बड़े मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में अपने आप को स्थापित कर रहा है। योगी ने कहा कि उप्र देश के अग्रणी राज्य के रूप में आगे बढ़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story