प्रधानमंत्री मोदी 27 अप्रैल को सिक्किम में जनसभा को संबोधित करेंगे, रोड शो में हिस्सा लेंगे
गंगटोक, 15 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिन के सिक्किम दौरे पर आने वाले हैं। पहले दिन प्रधानमंत्री राजधानी में रोड शो में हिस्सा लेंगे और दूसरे दिन पाल्जोर स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने बताया कि अगर तय शेड्यूल में बदलाव नहीं होता है और मौसम ठीक रहता है, तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 अप्रैल को सिक्किम आएंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर सोमवार दोपहर 3 बजे यहां लिबिंग में आर्मी हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद प्रधानमंत्री लोकभवन तक आयोजित होने वाले रोड शो में भी हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिक्किम सरकार ने रोड शो के लिए पूरी तैयारी कर ली है। उन्होंने सिक्किम के लोगों से उस दिन दोपहर 2 बजे राजधानी में इकट्ठा होकर प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत करने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उस दिन राजधानी में रहेंगे और 28 अप्रैल को पाल्जोर स्टेडियम में होने वाले एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री के भ्रमण को राज्य के लोगों के लिए गर्व की बात बताई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी पिछले साल 29 मई को सिक्किम आने वाले थे, लेकिन खराब मौसम की वजह से वे नहीं आ सके थे। उन्होंने यह भी याद किया कि उस समय प्रधानमंत्री ने बागडोगरा (पश्चिम बंगाल) से आभासी रूप से सिक्किम के लोगों को संबोधित किया था। उन्होंने बताया कि वे प्रधानमंत्री से दो बार मिले और उनसे व्यक्तिगत रूप में आकर सिक्किम के लोगों को आशीर्वाद देने की अनुरोध किया था।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung

