पुतिन से मुलाकात में यूक्रेन पर प्रधानमंत्री मोदी बोले- “हमें अंतहीन युद्ध से युद्ध के अंत की ओर जाना ही होगा”

WhatsApp Channel Join Now
पुतिन से मुलाकात में यूक्रेन पर प्रधानमंत्री मोदी बोले- “हमें अंतहीन युद्ध से युद्ध के अंत की ओर जाना ही होगा”


पुतिन से मुलाकात में यूक्रेन पर प्रधानमंत्री मोदी बोले- “हमें अंतहीन युद्ध से युद्ध के अंत की ओर जाना ही होगा”


नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को किर्गिस्तान में एससीओ शिखर सम्मेलन से इतर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। इस दौरान मोदी ने यूक्रेन का विषय उठाया। उन्होंने कहा कि भारत शांति के सभी प्रयासों का समर्थन करता है और हर प्रयास का समर्थन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि “हमें अंतहीन युद्ध से युद्ध के अंत की ओर जाना ही होगा। ”

वार्ता के संबंध में सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन के साथ उनकी व्यापक चर्चा हुई। भारत-रूस विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी के सभी पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। हाल के वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में हुई महत्वपूर्ण प्रगति को देखकर प्रसन्नता हो रही है। भारत-रूस मित्रता के प्रमुख क्षेत्र ऊर्जा, नवाचार, अंतरिक्ष, उर्वरक और जन-संबंधी संपर्क बने हुए हैं।

रूसी राष्ट्रपति से अपनी वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने एक सार्वजनिक वक्तव्य दिया। इसमें प्रधानमंत्री ने बताया कि यूक्रेन के संबंध में रूसी राष्ट्रपति ने उन्हें विस्तार से सभी विषयों से अवगत कराया है। उनका मानना है कि युद्ध में बिताया एक-एक दिन मानवता को पीछे धकेल रहा है और हमें शांति की तरफ बढ़ना चाहिए। यह एक-एक कदम पूरी मानवता के लिए नई आशा और उम्मीद लाएगा।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि जल्द से जल्द सभी विषयों का शांतिपूर्ण ढंग से समाधान हो। यह मानवता की पुकार है और भारत का संदेश है। गांधी की धरती और बुद्ध की धरती का संदेश हमेशा से शांति रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने वक्तव्य में पिछले वर्ष राष्ट्रपति पुतिन की भारत यात्रा को यादगार बताया। उन्होंने कहा कि आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयां और विस्तार देने को लेकर हमारी चर्चा हुई। उन्हें खुशी है कि इसका कुछ निष्कर्ष निकलेगा और इसको जमीनी स्तर पर उतरने के लिए हमारी टीम पूरी प्रक्रिया के साथ काम कर रही हैं और गति के साथ काम कर रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश अपने लोगों की भलाई के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए आगे बढ़ने की सोच दोनों की रही है और आगे भी यह हमारा यह मूल मंत्र होगा।

प्रधानमंत्री ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ दिनों में सभी भारतवासी उनका और उनके साथ आने वाले प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करने को लेकर उत्सुक है। उन्होंने अपेक्षा जताई की उनकी यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को बल देगी और ब्रिक्स के अंतर्गत संवाद और सहयोग को भी सशक्तत बनाएगी।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत-रूस संबंधों को लेकर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी के सिद्धांतों पर लगातार मजबूत हो रहे हैं। पुतिन ने मोदी के व्यक्तिगत ध्यान और प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि 2026 की पहली छमाही में दोनों देशों के बीच व्यापार में 2.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने रूस में भारतीय छात्रों की संख्या बढ़कर करीब 40 हजार होने और पर्यटन में 16 प्रतिशत वृद्धि का भी उल्लेख किया। पुतिन ने कहा कि दोनों देश बहुपक्षीय मंचों पर करीबी समन्वय कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story