प्रधानमंत्री मोदी पुणे के विद्या प्रतिष्ठान में करेंगे ‘प्रेरणा स्थल’ का उद्घाटन : शरद पवार

WhatsApp Channel Join Now

मुंबई, 03 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने शनिवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 3 नवंबर को पुणे के विद्या प्रतिष्ठान में नवनिर्मित ‘प्रेरणा स्थल’ का उद्घाटन करेंगे और यहां स्थापित गौतम बुद्ध की नौ फीट ऊंची व करीब चार टन वजनी प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

शरद पवार ने पत्रकारों को बताया कि प्रधानमंत्री ने उनका निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से भी कार्यक्रम की पुष्टि कर दी गई है। तय कार्यक्रम के मुताबिक, प्रधानमंत्री करीब सुबह 10 बजे बारामती पहुंचेंगे और विद्या प्रतिष्ठान जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम सुबह 11.45 बजे शुरू होगा। उन्होंने बताया कि ‘प्रेरणा स्थल’ में गौतम बुद्ध की प्रतिमा के आसपास प्रमुख ऐतिहासिक एवं सामाजिक हस्तियों की पेंटिंग और तस्वीरें लगाई जाएंगी। इनमें राजमाता जिजाऊ, छत्रपति शिवाजी महाराज, अहिल्यादेवी होलकर, महात्मा ज्योतिराव फुले, सावित्रीबाई फुले, सयाजीराव गायकवाड़, राजर्षि शाहू महाराज, महात्मा गांधी, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, कर्मवीर भाऊराव पाटिल, अण्णाभाऊ साठे, यशवंतराव चव्हाण और शारदाबाई पवार शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में काम कर रहे छात्रों और स्टार्टअप शुरू करने वाले विद्यार्थियों से भी संवाद करेंगे।

कार्यक्रम में महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार समेत अन्य गणमान्य लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। साथ ही उद्योगपति साइरस पूनावाला तथा ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय और माइक्रोसॉफ्ट के प्रतिनिधियों को भी कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Share this story