विशेष : एक साधारण जीवन-यात्रा और संविधान की असाधारण शक्ति

WhatsApp Channel Join Now
विशेष : एक साधारण जीवन-यात्रा और संविधान की असाधारण शक्ति


- डॉ. मयंक चतुर्वेदी

संविधान दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लेख 'हमारे संविधान को मजबूत करने की प्रतिबद्धता' भारतीय लोकतंत्र की उस असाधारण शक्ति को रेखांकित करता है, जो एक सामान्य परिवार में जन्मे व्यक्ति को भी देश के सर्वोच्च संवैधानिक दायित्व तक पहुंचने का अवसर देती है।

वस्तुत: प्रधानमंत्री ने अपनी जीवन-यात्रा को संविधान की शक्ति से जोड़ते हुए यह बताने का प्रयास किया है कि भारतीय संविधान करोड़ों लोगों के सपनों, आकांक्षाओं और सामाजिक परिवर्तन का आधार है। लेख की विशेषता यह है कि इसमें संविधान की चर्चा संसद, न्यायपालिका और संवैधानिक संस्थाओं के दायरे से निकालकर सामान्य नागरिक के जीवन से जोड़ने का प्रयास किया गया है।

प्रधानमंत्री के लेख को पढ़ते हुए सबसे पहले यह संवाद सामने आता है कि आखिर संविधान किसी देश के नागरिक के जीवन में क्या परिवर्तन ला सकता है? क्या वह महज अधिकारों की सूची है या फिर व्यक्ति की परिस्थितियों को बदलने और उसकी संभावनाओं को विस्तार देने वाली व्यवस्था भी है? नरेंद्र मोदी अपनी जीवन-यात्रा का उल्लेख करके इसी प्रश्न का उत्तर देते हैं।

वे बताते हैं कि साधारण परिवार में जन्म लेने, अभावों के बीच बचपन बिताने और किसी विशेष पारिवारिक सुविधा के बिना आगे बढ़ने के बावजूद देश के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचना भारतीय संविधान की लोकतांत्रिक शक्ति का प्रमाण है। यह प्रसंग उनके लेख को व्यक्तिगत अनुभव से जोड़ता है, वह बताता है कि भारतीय लोकतंत्र में किसी व्यक्ति की जन्मगत परिस्थितियां उसकी भविष्य की सीमाएं निर्धारित नहीं कर सकतीं। उसके परिश्रम, प्रतिभा और संकल्प के लिए आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध हैं। गरीब परिवार का बच्चा भी बड़े सपने देख सकता है और उन्हें पूरा करने के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्था में अवसर प्राप्त कर सकता है।

प्रधानमंत्री का लेख संविधान को सामाजिक और आर्थिक न्याय के दस्तावेज के रूप में भी प्रस्तुत करता है। वे जाने-माने संविधानविद ग्रैनविले ऑस्टिन के विचार का उल्लेख करते हैं, जिन्होंने भारतीय संविधान को मूलतः एक सामाजिक दस्तावेज बताया था। यह उल्लेख इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि भारतीय संविधान की मूल भावना का उद्देश्य एक ऐसे समाज का निर्माण करना है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को गरिमा, समान अवसर और न्याय प्राप्त हो। संविधान निर्माताओं ने स्वतंत्र भारत की कल्पना ऐसे राष्ट्र के रूप में की थी, जहां सदियों से चली आ रही सामाजिक और आर्थिक विषमताओं को दूर करने का प्रयास किया जाए।

इसी विचार को प्रधानमंत्री अपनी सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ते हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से किसी गरीब परिवार को पक्का मकान मिलना उनके लिए सम्मान के संवैधानिक वादे की पूर्ति है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से किसी मां को धुएं से भरी रसोई से मुक्ति मिलना गरिमापूर्ण जीवन और समानता की दिशा में कदम है। आयुष्मान भारत योजना गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करके सामाजिक न्याय को व्यवहार में उतारने का माध्यम बनती है। मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि के माध्यम से छोटे कारोबारियों तथा रेहड़ी-पटरी वालों को ऋण की सुविधा मिलना आर्थिक अवसरों के विस्तार का उदाहरण है। इस तरह प्रधानमंत्री यह समझाने का प्रयास करते हैं कि संविधान की सार्थकता तब अधिक दिखाई देती है, जब उसके आदर्श आम नागरिक के जीवन में वास्तविक बदलाव लाते हैं। डिजिटल तकनीक और यूपीआई का उल्लेख भी इसी दृष्टिकोण का विस्तार है। उनका आशय है कि तकनीक का वास्तविक लोकतंत्रीकरण तभी है, जब उसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे और अवसरों की पहुंच व्यापक हो।

संविधान की विकासशील प्रकृति को स्पष्ट करने के लिए प्रधानमंत्री ने 101वें, 102वें और 103वें संविधान संशोधनों का उल्लेख किया है। वस्तु एवं सेवा कर यानी जीएसटी के लिए 101वां संशोधन, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने वाला 102वां संशोधन और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आरक्षण की व्यवस्था करने वाला 103वां संशोधन भारतीय संविधान की परिवर्तनशील क्षमता के उदाहरण हैं। इनका उल्लेख करके वे यह संदेश देते हैं कि संविधान अपने मूल आदर्शों को सुरक्षित रखते हुए समय की आवश्यकताओं के अनुरूप आगे बढ़ने की व्यवस्था भी देता है।

इसी क्रम में संविधान के अद्यतन संस्करण को आठवीं अनुसूची की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराने की बात भी महत्वपूर्ण है। संविधान जिस नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों की रक्षा करता है, उस नागरिक को उसे अपनी भाषा में पढ़ने और समझने का अवसर मिलना चाहिए। संविधान की भाषायी पहुंच बढ़ाना दरअसल उसे जनसामान्य के और करीब लाने का प्रयास है।

प्रधानमंत्री भारतीय न्याय संहिता को भी इसी संवैधानिक बदलाव की प्रक्रिया से जोड़ते हैं। उनका कहना है कि स्वतंत्रता के बाद भी भारतीय आपराधिक न्याय व्यवस्था लंबे समय तक औपनिवेशिक काल के कानूनों पर आधारित रही। भारतीय न्याय संहिता के माध्यम से दंड-केंद्रित औपनिवेशिक दृष्टिकोण से नागरिक-केंद्रित न्याय व्यवस्था की ओर बढ़ने का प्रयास किया गया है। इस विचार का व्यापक अर्थ यह है कि स्वतंत्र भारत की न्याय व्यवस्था में नागरिक की गरिमा, पीड़ित के अधिकार और न्याय की उपलब्धता को केंद्रीय महत्व मिलना चाहिए।

लेख का एक महत्वपूर्ण पक्ष अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों पर दिया गया जोर भी है। प्रधानमंत्री का मानना है कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए नागरिकों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ अपने दायित्वों का भी निर्वहन करना चाहिए। भारतीय सभ्यता में कर्तव्यबोध की परंपरा का उल्लेख करते हुए वे स्वच्छ भारत अभियान, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा जैसे प्रयासों को नागरिक जिम्मेदारी से जोड़ते हैं। यह विचार इसलिए प्रासंगिक है कि स्वच्छता, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा किसी एक सरकार की जिम्मेदारी नहीं हो सकती। इन कामों में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। अधिकारों और कर्तव्यों के बीच यही संतुलन लोकतांत्रिक समाज को अधिक जिम्मेदार बनाता है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री अपने लेख में संविधान के इतिहास के कुछ विवादास्पद अध्यायों की ओर भी ध्यान आकर्षित करते हैं। 1951 के प्रथम संविधान संशोधन, आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संशोधन और अनुच्छेद 356 के कथित दुरुपयोग का उल्लेख करते हुए वे पूर्ववर्ती सरकारों के संवैधानिक व्यवहार पर सवाल उठाते हैं। उनका आग्रह है कि नई पीढ़ी इन ऐतिहासिक घटनाओं का अध्ययन करे और समझे कि सत्ता में बैठे लोगों के निर्णय किस प्रकार संवैधानिक संस्थाओं तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रभावित कर सकते हैं। विशेष रूप से आपातकाल के दौर में हुए संवैधानिक बदलावों का उल्लेख करके वे न्यायिक समीक्षा, संस्थागत संतुलन और नागरिक स्वतंत्रता के महत्व को रेखांकित करते हैं।

इस संदर्भ में प्रधानमंत्री का संदेश है कि संविधान की रक्षा का दायित्व सिर्फ संविधान सभा के सदस्यों, न्यायपालिका या संसद तक सीमित नहीं है। प्रत्येक सरकार और प्रत्येक नागरिक को संवैधानिक मर्यादाओं का सम्मान करना चाहिए। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 और 35ए का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री 2019 में किए गए बदलावों को एक ऐतिहासिक सुधार के रूप में प्रस्तुत करते हैं। इसी तरह नक्सलवाद के संदर्भ में वे कहते हैं कि हिंसा और भय के कारण देश के कई क्षेत्रों में गरीब तथा आदिवासी समुदाय अपने संवैधानिक अधिकारों का उपयोग नहीं कर पा रहे थे। उनका जोर इस बात पर है कि लोकतंत्र की सफलता तभी है, जब देश के दूरस्थ और पिछड़े क्षेत्रों में रहने वाला नागरिक भी निर्भय होकर अपने अधिकारों का उपयोग कर सके।

महिलाओं की भागीदारी का प्रश्न भी प्रधानमंत्री के लेख में प्रमुखता से सामने आता है। वे संविधान निर्माण में योगदान देने वाली महिला सदस्यों को याद करते हुए विधायी संस्थाओं में महिलाओं के पर्याप्त प्रतिनिधित्व की आवश्यकता पर बल देते हैं। यह स्वभाविक ही है कि जब देश की आधी आबादी को निर्णय प्रक्रिया में समुचित भागीदारी मिलती है, तब लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व अधिक व्यापक और समावेशी बनता है। महिला आरक्षण के मुद्दे को उठाकर प्रधानमंत्री यह संदेश देते हैं कि नारी शक्ति को निर्णय प्रक्रिया में उचित स्थान देना संवैधानिक समानता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

लेख के अंतिम हिस्से में प्रधानमंत्री विपक्ष की भूमिका और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में उसकी जिम्मेदारी पर टिप्पणी करते हैं। उनका कहना है कि विपक्ष का दायित्व विरोध के साथ रचनात्मक सुझाव देना और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाना भी है। वहीं प्रधानमंत्री अपने लेख का समापन 2047 तक विकसित भारत के संकल्प से करते हैं।

वस्तुत: वे दो सिद्धांतों को इस यात्रा का मार्गदर्शक बताते हैं, विचारों में इंडिया फर्स्ट और कार्यों में कर्तव्य। यह संदेश भारत की युवा पीढ़ी और नागरिक समाज के लिए विशेष महत्व रखता है। विकसित भारत निर्माण के लिए देश के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी, राष्ट्रीय हित के प्रति प्रतिबद्धता और अपने दायित्वों के प्रति सजगता आवश्यक है।

इस लेख का सबसे प्रेरक पक्ष यही है कि यह संविधान को आम भारतीय की आकांक्षाओं से जोड़ता है। एक सामान्य परिवार में जन्मा बच्चा देश का प्रधानमंत्री बन सकता है, गरीब परिवार सम्मानजनक जीवन जीने का सपना देख सकता है, महिलाएं निर्णय प्रक्रिया में अपनी भागीदारी बढ़ा सकती हैं और समाज का वंचित व्यक्ति भी न्याय तथा समान अवसर की अपेक्षा कर सकता है। यही भारतीय संविधान की लोकतांत्रिक शक्ति है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story