प्रधानमंत्री मोदी पर अभद्र टिप्पणी करना कांग्रेसी संस्कृति का हिस्साः नितिन नवीन

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी पर अभद्र टिप्पणी करना कांग्रेसी संस्कृति का हिस्साः नितिन नवीन


प्रधानमंत्री मोदी पर अभद्र टिप्पणी करना कांग्रेसी संस्कृति का हिस्साः नितिन नवीन


नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सोमवार को वाल्मीकि आश्रम में माथा टेका और पूजा-अर्चना की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में नितिन नवीन ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके परिवार के खिलाफ अभद्र एवं अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा बन गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वैचारिक दिवालियापन की ओर बढ़ रही है और उसकी मौजूदा कार्यशैली में यह स्पष्ट दिखाई देता है।

नितिन नवीन ने कहा कि भगवान वाल्मीकि के आदर्शों और विचारों का देश की सनातन परंपरा में महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने वाल्मीकि समाज, भगवान वाल्मीकि के अनुयायियों और देश की सांस्कृतिक एवं सनातन परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाज में भगवान वाल्मीकि के आदर्शों और विचारों के प्रति सम्मान की भावना बनी रहनी चाहिए। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज और देश को आगे बढ़ना चाहिए।

भाजपा अध्यक्ष ने नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष की अभद्र टिप्पणी की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एक वरिष्ठ और बुजुर्ग नेता हैं, लेकिन इस तरह के अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार को बार-बार निशाना बनाना कांग्रेस की राजनीतिक विरासत बन गया है।

नितिन नवीन ने कहा कि सोनिया गांधी के बयानों और राहुल गांधी की ओर से बार-बार मर्यादा लांघने का असर अब कांग्रेस अध्यक्ष की भाषा में भी दिखाई देने लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अनुचित भाषा का इस्तेमाल अब कांग्रेस की पूरी राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा बन चुका है। इस तरह की बयानबाजी से पार्टी की हताशा और निराशा झलकती है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी को देश के करोड़ों लोगों का आशीर्वाद प्राप्त है। यदि कांग्रेस देश के प्रधानमंत्री का अपमान करेगी, तो जनता उसे लगातार उसी दृढ़ता से जवाब देती रहेगी। कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल से जनता के समर्थन को कमजोर नहीं किया जा सकता।

इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767324 Articles

Share this story