प्रधानमंत्री मोदी 14 फरवरी को फिर आ सकते हैं असम : मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी 14 फरवरी को फिर आ सकते हैं असम : मुख्यमंत्री


गुवाहाटी, 23 जनवरी (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 फरवरी को एक बार फिर असम दौरे पर आने की संभावना है। इस दौरान प्रधानमंत्री राज्य को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं।

मुख्यमंत्री फेसबुक लाइव के अनुसार, प्रधानमंत्री गुवाहाटी–नॉर्थ गुवाहाटी पुल का उद्घाटन करेंगे। इस पुल के चालू होने से ब्रह्मपुत्र नद के दोनों तटों के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा तथा गुवाहाटी महानगर की यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिलेगी।

डॉ. सरमा ने बताया कि प्रधानमंत्री भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) गुवाहाटी का भी औपचारिक शुभारंभ करेंगे, जिससे पूर्वोत्तर क्षेत्र में उच्च शिक्षा के क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।

इसके अलावा, राज्य सरकार की ओर से प्रधानमंत्री से अनुरोध किया गया है कि वे मोरान में राष्ट्रीय राजमार्ग पर विमान लैंडिंग के लिए निर्मित एडवांस्ड हाइवे पर विमान के माध्यम से उतरें। यह हाइवे आपातकालीन और रणनीतिक जरूरतों के लिए तैयार किया गया है, जो असम की बुनियादी ढांचे की क्षमता को दर्शाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story