प्रधानमंत्री ने भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री ने भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 24 जनवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि समाज के शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों का उत्थान हमेशा कर्पूरी ठाकुर की राजनीति के केंद्र में रहा।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर का स्मरण करते हुए कहा कि समाज के शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों का उत्थान हमेशा उनकी राजनीति के केंद्र में रहा। कर्पूरी ठाकुर अपनी सादगी, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति आजीवन समर्पण के लिए जाने जाते थे और उनका जीवन सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के आदर्शों का प्रतीक रहा है।

उल्लेखनीय है कि जननायक कर्पूरी ठाकुर का जन्म 24 जनवरी 1924 को बिहार के समस्तीपुर जिले में हुआ था और उनका निधन 17 फरवरी 1988 को हुआ। वह बिहार के दो बार मुख्यमंत्री रहे और सामाजिक न्याय की राजनीति के प्रमुख स्तंभ माने जाते हैं। पिछड़े और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए उनके योगदान को देखते हुए उन्हें वर्ष 2024 में मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story