प्रधानमंत्री की अपील, ‘हर घर तिरंगा’ से जुड़ें और विकसित भारत के संकल्प को दोहराएं

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री की अपील, ‘हर घर तिरंगा’ से जुड़ें और विकसित भारत के संकल्प को दोहराएं


नई दिल्ली, 09 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील करते हुए कहा है कि विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के हमें सामूहिक संकल्प को दोहराना चाहिए। उन्होंने खुशी जाहिर की कि इस वर्ष के प्रयास वंदे मातरम को समर्पित हैं और वह भी ऐसे समय में जब हम इसकी 150वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा, “हमारा तिरंगा हमारा गौरव है और राष्ट्र के लिए हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देने की प्रेरणा का निरंतर स्रोत है।”

प्रधानमंत्री ने अपनी पोस्ट में संस्कृति मंत्रालय की अपील को साझा किया है। इसमें मंत्रालय ने अपील की है कि इस वर्ष इतिहास को अपनी तरह के पहले तिरंगे उत्सव में ‘सूर्यपथ तिरंगा’ के माध्यम से दुनिया भर के भारतीयों को एकजुट करते हुए देखें। इसका हिस्सा बनें। अपने घर पर तिरंगा फहराएं और अपनी सेल्फी http://harghartiranga.com पर अपलोड करें।

सूर्यपथ तिरंगा- भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर फिजी से लेकर सैन फ्रांसिस्को तक 50 से अधिक भारतीय मिशन ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम का हिस्सा बनते हुए तिरंगे की तस्वीरें अलग-अलग टाइम जोन में पूर्व से पश्चिम की ओर डिजिटल रूप से भेजेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story