केंद्र सरकार सरकार सिखों के लिए सम्मान और न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध : प्रधानमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
केंद्र सरकार सरकार सिखों के लिए सम्मान और न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध : प्रधानमंत्री


नई दिल्ली, 01 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार सरकार सिखों के लिए सम्मान और न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

नवी मुंबई में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समागम को आज प्रधानमंत्री ने वीडियो संदेश के माध्यम से संबोधित किया। अपने संबोधन की शुरुआत “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के उद्घोष के साथ करते हुए उन्होंने कहा कि आज सभी लोग हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी पर्व पर उनका पुण्य स्मरण कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास शौर्य, समन्वय और सहयोग का इतिहास रहा है तथा महाराष्ट्र की धरती पर आयोजित यह कार्यक्रम उसी महान विरासत का साक्षी है। उनके अनुसार हर वर्ग ने गुरुजी से प्रेरणा लेकर सत्य और संस्कृति के लिए अडिग रहना सीखा।

सिख विरासत को सम्मान पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गुरु साहिबों से जुड़े ऐतिहासिक अवसरों को राष्ट्रीय स्तर पर मना रही है, जिसमें 400वां प्रकाश पर्व, स्मृति डाक टिकट और विशेष सिक्का जारी करना तथा गुरु नानक देव जी का 550वां प्रकाश पर्व मनाना शामिल है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने वीर बाल दिवस की शुरुआत की, करतारपुर साहिब कॉरिडोर का निर्माण रिकॉर्ड समय में पूरा किया, हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए सुविधाएं बढ़ाईं तथा सिख संस्थाओं को विभिन्न स्तरों पर राहत प्रदान की।

उन्होंने 1984 दंगों की जांच के लिए एसआईटी गठन, मामलों को दोबारा खोलने, पीड़ितों को अतिरिक्त मुआवजा देने और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग को सक्रिय बनाने का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में सिखों की सुरक्षा के प्रश्न पर सरकार ने मिशन मोड में काम किया, गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूपों को सम्मानपूर्वक वापस लाया और नागरिकता संशोधन कानून के माध्यम से उत्पीड़ित सिख शरणार्थियों को राहत दी।

उन्होंने बताया कि यह समागम एक निरंतर चलने वाली यात्रा है, जिसकी शुरुआत पिछले वर्ष नागपुर से हुई, फिर तख्त श्री हजूर साहिब में इसका विस्तार हुआ और अब नवी मुंबई में यह महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंची है। उन्होंने यात्रा का संदेश महाराष्ट्र के हजारों गांवों तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार को बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story