गुजरात को दो नई रेल सेवाओं की सौगात, प्रधानमंत्री मोदी ने दिखाई हरी झंडी

WhatsApp Channel Join Now
गुजरात को दो नई रेल सेवाओं की सौगात, प्रधानमंत्री मोदी ने दिखाई हरी झंडी


अहमदाबाद, 30 अक्टूबर (हि.स.)। गुजरात में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को दो नई रेल सेवाओं का शुभारंभ किया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उन्होंने महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू ट्रेन और साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन सेवाओं से गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। साथ ही बहुचर माता और काशी विश्वनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।

साबरमती रेलवे स्टेशन पर हुए समारोह में अहमदाबाद के महापौर हितेशभाई बारोट, सांसद राजेश शुक्ला, विधायक, अहमदाबाद शहर भाजपा अध्यक्ष प्रेरक शाह सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बेचराजी स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद हरिभाई पटेल, विधायक सुखाजी ठाकोर तथा पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के डीआरएम वेद प्रकाश सहित रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।

ऐतिहासिक रेल मार्ग पर यात्री सेवा फिर शुरू

महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू सेवा शुरू होने से ऐतिहासिक रेल मार्ग पर यात्री परिचालन दोबारा शुरू हुआ है। डीआरएम वेद प्रकाश के अनुसार, इस मार्ग पर वर्ष 1908 में बड़ौदा रियासत के समय रेल सेवा शुरू हुई थी। बाद में आमान परिवर्तन के कारण मीटर गेज पर यात्री सेवाएं बंद हो गई थीं। अब नई सेवा से स्थानीय लोगों को फिर से रेल सुविधा मिलेगी।

इस ट्रेन से बहुचर माता मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के अलावा बेचराजी और हंसलपुर स्थित मारुति सुजुकी संयंत्र सहित औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों, किसानों और छोटे व्यापारियों को सुविधा होगी।

मेमू ट्रेन में साबरमती से बेचराजी का किराया ₹25, रणुंज का ₹30 और महेसाणा का ₹35 निर्धारित किया गया है। मासिक सीजन टिकट क्रमशः ₹355, विद्यार्थियों के लिए ₹180 तथा पात्र छोटे व्यापारियों और किसानों के लिए ₹535 रखा गया है।

वाराणसी के लिए सीधी रेल सेवा।

साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को जोड़ेगी। ट्रेन महेसाणा, पालनपुर, आबू रोड, अजमेर, जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, आगरा, टूंडला, गोविंदपुरी, मिर्जापुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। इससे वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधी रेल सुविधा मिलेगी। रेलवे के अनुसार, दोनों सेवाओं से धार्मिक पर्यटन, व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

डीआरएम वेद प्रकाश ने कहा कि अहमदाबाद मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769592 Articles

Share this story