देश की उपलब्धियों, प्रतिभाओं और सकारात्मक कहानियों को विश्व पटल तक पहुंचाये मीडियाः प्रधानमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
देश की उपलब्धियों, प्रतिभाओं और सकारात्मक कहानियों को विश्व पटल तक पहुंचाये मीडियाः प्रधानमंत्री


नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मीडिया जगत से देश की सफलता से जुड़ी कहानियों को दुनिया तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास की राह पर आगे बढ़ रहे हमारे देश की उपलब्धियों, प्रतिभाओं और सकारात्मक कहानियों को विश्व पटल पर जगह मिलनी चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने आज भाजपा केन्द्रीय कार्यालय में मीडिया के लिए आयोजित दीपावली मिलन समारोह में उक्त बातें कहीं। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष नतीन नवीन, केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा मंच पर उपस्थित थे।

उन्होंने मीडिया जगत में समाचार भेजने और प्रसारित करने की समयसीमा का उदाहरण दिया। इसके माध्यम से उन्होंने कहा कि व्यक्ति, संस्था और देश पर भी समयसीमा लागू होती है। इसी को देखते हुए देश ने आज अपने लक्ष्यों को समयसीमा में बांध दिया है। 2047 तक हमें देश को विकसित बनाना है। उनका मानना है कि इसे पाना मुश्किल नहीं है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि लक्ष्यों को पूरा करने का समय तय करने से काम की प्राथमिकता, तरीका और रफ्तार बदल जाती है। आजादी के संघर्ष का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि शुरुआत में छोटे लक्ष्यों से आगे बढ़ा जाता है। इन छोटे-छोटे लक्ष्यों को पूरा कर आज देश विकसित भारत की ओर आगे बढ़ रहा है। इस दौरान उन्होंने पिछले 12 सालों में उनकी सरकार की उपलब्धियां गिनाई और कहा कि अगर देश 12 साल के अंदर 50 करोड़ से अधिक लोगों का अत्यंत गरीबी की से बाहर निकाल सकता है तो 20 सालों में देश विकसित बनाना कठिन कार्य नहीं है।

मीडिया के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्होंने शासनाध्यक्ष के तौर पर 25 वर्ष पूरे किए हैं। इन 25 सालों में उन्होंने प्रेस रिलीज से लेकर रील तक का सफर देखा है। उन्होंने मीडिया खासकर फील्ड रिपोर्टर के कार्यों की प्रशंसा की।

इस अवसर पर दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में विकास की रोशनी आज हर घर तक पहुंचाई है। आज दीपावली का पर्व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशेष पहचान बना रहा है। इसमें प्रधानमंत्री के भारत की संस्कृति और विरासत को दुनियाभर में ले जाने के प्रयासों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775758 Articles

Share this story