अमित शाह ने कहा- ‘मोदीजी का जीवन देश के लिए प्रेरणा’, प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर वडनगर में दाे दिवसीय कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
अमित शाह ने कहा- ‘मोदीजी का जीवन देश के लिए प्रेरणा’, प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर वडनगर में दाे दिवसीय कार्यक्रम


वडनगर(गुजरात), 17 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार काे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘मोदीजी का जीवन देश के लिए प्रेरणा’ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने लंबे समय तक निरंतर जनसेवा करते हुए विभिन्न चुनावों में जनता का विश्वास और आशीर्वाद प्राप्त किया है।

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उनके जन्मस्थान वडनगर में आज से दो दिवसीय जन्मदिवस के कार्यक्रम किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा-संकल्प को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों के साथ वडनगर में विशेष माहौल है। इस अवसर पर चार अलग-अलग पवित्र स्थलों से बाइक यात्राएं बुधवार को वडनगर पहुंचीं। इन यात्राओं के दौरान विभिन्न पवित्र नदियों का जल एकत्र कर वडनगर लाया गया। इसके बाद यात्रियों ने हाटकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान हाटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। जलाभिषेक के बाद शर्मिष्ठा तालाब पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल की मौजूदगी में महाआरती की गई।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर वे उनके जन्मस्थान वडनगर आए हैं। उन्होंने हाटकेश्वर महादेव के चरणों में प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना की। उन्हाेंने कहा कि प्रधानमंत्री की सेवा का देश के सार्वजनिक जीवन में बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोगों ने तय किया है कि इस अवसर को देशभर की जनता तक पहुंचाया जाएगा।

‘मोदी जैसा जीवन हर युवा को जानना चाहिए’

अमित शाह ने कहा कि कुछ लोग वंशवादी राजनीति से जुड़े रहे हैं और उन्होंने सवाल किया कि ऐसे लोगों के लिए नरेन्द्र मोदी के जीवन को जानना क्यों जरूरी है। उन्होंने कहा कि मोदी का जीवन ऐसा है, जिससे देश के हर बच्चे, किशोर और युवा को परिचित होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लंबे समय तक निरंतर जनसेवा करते हुए विभिन्न चुनावों में जनता का विश्वास और आशीर्वाद प्राप्त किया है। उनका जीवन सार्वजनिक सेवा और संगठन के प्रति समर्पण का उदाहरण है।

शर्मिष्ठा तालाब से जुड़ी कथा भी बताई

शाह ने वडनगर के ऐतिहासिक शर्मिष्ठा तालाब से जुड़ी मान्यता का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नरसिंह मेहता की बेटी कुंवरबाई की पुत्री शर्मिष्ठा का विवाह वडनगर के झटपट मेहता के साथ हुआ था। क्षेत्र में अकाल पड़ने पर यहां के राजा से तालाब बनवाने का अनुरोध किया गया था और इसी से तालाब का नाम शर्मिष्ठा पड़ने की मान्यता है। उन्होंने वडनगर और प्रधानमंत्री मोदी के बाल्यकाल से जुड़े प्रसंगों का भी उल्लेख किया और कहा कि हाटकेश्वर महादेव मंदिर तथा शर्मिष्ठा तालाब प्रधानमंत्री मोदी के जीवन से भावनात्मक रूप से जुड़े महत्वपूर्ण स्थान हैं।

25 वर्ष की सेवा को समर्पित यात्रा

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और उनके 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को ध्यान में रखते हुए गुजरात में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वडनगर में निकाली गई यात्राओं के माध्यम से सेवा, समर्पण और जनसंपर्क का संदेश लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन देश के लिए महत्वपूर्ण रहा है और आने वाले समय में भी उनका अनुभव तथा मार्गदर्शन देश के लिए उपयोगी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Share this story