एनडीए के सभी घटक दल मिलकर समर्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बिहार के लिए कर रहे लगातार कामः प्रधानमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
एनडीए के सभी घटक दल मिलकर समर्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बिहार के लिए कर रहे लगातार कामः प्रधानमंत्री


वैशाली (बिहार), 21 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को यहां कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी घटक दल बिहार को समर्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रहे हैं। बिहार की इस विकास यात्रा में हम ‘सबका साथ-सबका विकास’ का मंत्र लेकर आगे बढ़े हैं। हमने लोकतंत्र की ताकत को जनकल्याण का माध्यम बनाया है।

प्रधानमंत्री ने आज दोपहर बिहार के दौरे पर वैशाली जिले में नीतीश सेतु का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने एक कार्यक्रम में लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, राष्ट्र को समर्पण और आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने जनसमूह को संबोधित भी किया।

उन्होंने कहा, “आज जब एनडीए सरकार इस कार्यकाल के एक वर्ष पूरा कर रही है। तो इस आयोजन के लिए लोकतंत्र की महान धरती वैशाली को चुना गया है। मैं इसके लिए वैशाली और बिहार की मिट्टी को नमन करता हूं। मैं एनडीए के सभी घटक दलों को, सभी कार्यकर्ताओं को और सभी बिहारवासियों को शुभकामनाएं देता हूं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि करीब 3 दशक पहले बिहार ने उम्मीद और विश्वास की नई राह चुनी थी। बिहार को तीन दशकों तक बदहाली झेलनी पड़ी और उसके बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन का नया भरोसा मिला। उनके आशीर्वाद से इस अभियान को सम्राट चौधरी और उनकी पूरी टीम आगे बढ़ा रहे हैं।

इसी क्रम में आज यहां भी हजारों-करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। उन्हें पूरा भरोसा है कि मित्र रामविलासजी की आत्मा जहां भी होगी, वह भी हम पर फूलों की वर्षा कर रही होगी, क्योंकि उनके सपनों को भी हम साकार कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने गंगा नदी पर बने दरगाह-बिदुपुर छह-लेन केबल ब्रिज को आज जनता को समर्पित किया। इस आधुनिक ब्रिज का पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सम्मान में ‘नीतीश सेतु’ नाम रखा गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये उनके सेवा और समर्पण का बिहारवासियों की तरफ से हो रहे सम्मान का प्रतीक है। इस पुल से पटना और वैशाली के बीच की दूरी और दिक्कतें कम हो गई हैं। अब फसल, फल, सब्जियां, दूध और दही को बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान हो जाएगा। यहां के युवाओं को पढ़ाई में, बुजुर्गों को दवाई में बहुत आसानी हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि बिहार में रोड नेटवर्क के साथ साथ ऊर्जा और शहरी विकास की तस्वीर भी तेजी से बदल रही है। इसी दिशा में बक्सर थर्मल पावर प्लांट का निर्माण, फुलवरिया बांध पर सोलर एनर्जी प्लांट जैसे बड़े बड़े काम भी हुए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि एक समय था, जब बिहार में हजारों गांवों तक बिजली तक नहीं पहुंची थी। आज वही बिहार बिजली उत्पादन का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। आज शहरी यातायात को सुविधाजनक बनाने के लिए 100 आधुनिक ई-बसों को भी हरि झंडी दिखाई गई है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आज हजारों गरीब परिवारों को उनके पक्के घरों की चाबी भी सौंपी गई है। बिहार में आधुनिक सड़कों का नेटवर्क भी तेज गति से तैयार हो रहा है। आज औरंगाबाद-चोरदाहा 6 लेन हाइवे का लोकार्पण हुआ है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ने आज बिहार में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की बुनियादी ढांचा और विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें सड़क, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढांचे, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन क्षेत्र की परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से गंगा नदी पर बने 19.7 किलोमीटर लंबे नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित किया। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क बेहतर हुआ तथा महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा। प्रधानमंत्री ने बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट-2 सहित अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780857 Articles

Share this story