(लीड) प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा में 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा का सेवा संकल्प अभियान, युवाओं पर रहेगा विशेष फोकस

WhatsApp Channel Join Now
(लीड) प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा में 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा का सेवा संकल्प अभियान, युवाओं पर रहेगा विशेष फोकस


नई दिल्ली, 09 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के साथ प्रधानमंत्रीजनसेवा में एक संवैधानिक प्रमुख (मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री) के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत करने जा रही है। इस बार दोनों संयोग के मद्देनजर भाजपा ने जन सेवा और समर्पण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर यानि एक महीने का सेवा संकल्प अभियान चलाने का का निर्णय लिया है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को केंद्रीय कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर बताया कि भाजपा हर बार प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस पर ‘सेवा पखवाड़ा’ का आयोजन करती है लेकिन इस बार यह सुखद संयोग बन रहा है कि 07 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री जनसेवा में एक संवैधानिक प्रमुख (मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री) के रूप में अपने 25 वर्ष पूर्ण कर रहे हैं। इसलिए, इस बार हमने जन सेवा और समर्पण के इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हमने एक महीने का सेवा संकल्प अभियान मनाने का निर्णय लिया है। इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं से आए बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना तथा ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प मजबूत करना है। देश भर में भाजपा कार्यकर्ता और आम जन की इस अभियान में सहभागिता होगी और हम सब मिलकर ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संदेश को आगे बढ़ाएंगे।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इसी उद्देश्य से 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसकी शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा दिवस के रूप में होगी, जिसे हर वर्ष सेवा पखवाड़ा के तहत मनाया जाता है। प्रथम दिन 17 सितंबर को रक्तदान शिविर के माध्यम से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा, जिसमें युवा और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी रहेगी। इसी दिन शाम 7:00 बजे आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक परिवार, विशेषकर लाभार्थियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आशीर्वाद स्वरूप दीप जलाए जाएंगे। यह पिछले 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत 2047 के संकल्प का प्रतीक होगा। 2 अक्टूबर को हर साल स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाता है। इस वर्ष भी इसे उसी रूप में किया जाएगा। इसके बाद मेरे सपनों का भारत के तहत पिछले 25 वर्षों की सेवा और समर्पण तथा विकसित भारत की कल्पना जैसे विषयों पर 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सभी स्कूलों में चित्रकारी, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उत्कृष्ट चित्रों और भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्यमंत्री तथा अन्य केंद्रीय मंत्रियों के स्तर पर प्रमाण पत्र देने की योजना है।

नितिन नवीन ने कहा कि नमो सेवा: अनकही कहानियां के तहत माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 साल के कार्यकाल में विभिन्न योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों को भावनात्मक संगीतपूर्ण नाट्य और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रस्तुत कर हर गांव तक पहुंचाने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आंगन मिलन सेवा के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों के सम्मा की भावना को आगे बढ़ाते हुए, आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों और उनकी माताओं के साथ मोदी सरकार की पोषण, स्वास्थ्य और महिला संबंधित योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी। साथ ही, सेवा की कहानी के माध्यम से विभिन्न योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव की कहानियों को एक प्लेटफॉर्म दिया जाएगा।

सेवा ज्योति कलश यात्रा

उन्होंने बताया कि सेवा ज्योति कलश यात्रा - विकसित भारत का संकल्प के तहत 7 अक्टूबर 2026 को आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हेड ऑफ द गवर्नमेंट के रूप में जनसेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विभिन्न गांवों और क्षेत्रों को जोड़ते हुए जनसेवा के 25 वर्षों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी और विकसित भारत 2047 का संकल्प लिया जाएगा। सेवा ज्योति कलश के साथ सुरक्षात्मक मानकों का पालन करते हुए सुविधानुसार पैदल यात्रा या बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। देश के सभी जिला मुख्यालयों सहित करीब 1,000 स्थानों पर विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।

वडनगर से वाराणसी की यात्रा

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि युवा मोर्चा के माध्यम से एक अलग यात्रा की भी योजना है। इसमें दो यात्राएं निकलेंगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से उनकी कर्मभूमि बनारस तक और बनारस से वडनगर तक सेवा यात्रा निकलेगी। यह यात्रा 10 अलग-अलग टोलियों में निकलेगी, जिनका नेतृत्व युवा करेंगे। प्रत्येक टोली में 50 युवा साथी होंगे, जो पूरे रूट में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य हाटकेश्वर महादेव, वडनगर और काशी विश्वनाथ, वाराणसी में जलाभिषेक के साथ कार्यक्रम की शुरुआत करना है। यात्रा के दौरान गांवों में चौपाल, आंगनवाड़ी केंद्रों, किसानों और शहरों के युवा क्लबों के साथ संवाद किया जाएगा। प्रत्येक टोली प्रतिदिन करीब 5 से 7 कार्यक्रम करेगी। करीब 20 दिनों की यह यात्रा अलग-अलग रूट से लगभग 10 राज्यों से होकर गुजरेगी। इस दौरान मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना, जनता का फीडबैक लेना, चौपाल के माध्यम से जनसंवाद करना और सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करना यात्रा का उद्देश्य होगा।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच जनभागीदारी के माध्यम से 25 विभिन्न थीम पर कार्यक्रम

नितिन नवीन ने बताया कि 25 विभिन्न थीम के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति से आग्रह किया जाएगा कि वह सेवा: मेरा योगदान के तहत अपना समय श्रमदान और मनदान के रूप में दे।

उन्होंने कहा कि सेवा: मेरा योगदान के माध्यम से यह बताया जाएगा कि पहले क्या स्थिति थी और आज क्या परिवर्तन आया है। इसके तहत प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम 25 मिनट का श्रमदान देने की अपील की जाएगी। करीब 25 अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें समाज से जुड़े विभिन्न विषयों को शामिल किया गया है, ताकि आम जनमानस अपने जुड़ाव के साथ योगदान दे सके और देश के विकास में भागीदार बन सके। सेवा सेतु अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न लाभकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। जो लाभार्थी किसी कारणवश योजनाओं से वंचित रह गए हैं, उनके आवेदन ब्लॉक स्तर पर लेकर समय-सीमा के भीतर उन्हें योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। साथ ही, स्वास्थ्य शिविर और अन्य योजनाओं की जानकारी के लिए भी कैंप लगाए जाएंगे। सेवा के रंग, राष्ट्र के संग के तहत देश के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर मानव समूह (रंगोली) के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाएं, राष्ट्रीय प्रतीक और विकसित भारत के संदेश को प्रदर्शित करते हुए यह ह्यूमन रंगोली बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसमें विभिन्न प्रकार के कलाकार, महिला बहनें, हमारे स्वयं सहायता समूह की बहनें, विद्यार्थी और व्यापक स्तर पर जनभागीदारी के माध्यम से यह कार्यक्रम किया जाएगा। इस मानव समूह रंगोली में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा चलाई गई विभिन्न योजनाओं को भी प्रदर्शित करने का प्रयास किया जाएगा।

सेवा फर्स्ट - इनोवेशन चैलेंज होगा आयोजित

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक विशेष कार्यक्रम सेवा फर्स्ट - इनोवेशन चैलेंज आयोजित किया जा रहा है। यह देश के युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स और कॉरपोरेट इनोवेटर्स के लिए होगा। राज्यों से अपने स्तर पर इनोवेशन चैलेंज आयोजित करने को कहा गया है, जिसमें स्टार्टअप्स भाग लेंगे। इसके लिए शिक्षण संस्थानों, स्टार्टअप नेटवर्क्स और इनक्यूबेशन सेंटर्स को जोड़ा जाएगा तथा ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। चयनित इनोवेटर्स को राष्ट्रीय स्तर पर भेजा जाएगा, जहां लाइव प्रदर्शनी, लाइव डेमो और युवा संवाद के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित होगा तथा विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

सुशासन संवाद के माध्यम से जनप्रतिनिधियों को लिया जाएगा साथ

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनप्रतिनिधियों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। 14वें और 15वें वित्त आयोग के बाद पंचायती और निकाय स्तर के जनप्रतिनिधियों को योजनाएं और उनके क्रियान्वयन में अधिक सहभागिता मिली है। आज सरपंच, मुखिया और वार्ड सदस्य तक यह मानते हैं कि निर्णय लेने की प्रक्रिया में उन्हें जोड़ा गया है। इन जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करने की योजना है। इसके तहत सरपंच से लेकर प्रधानमंत्री तक की सहभागिता वाला कार्यक्रम विकसित भारत संकल्प प्रस्ताव के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी प्रकार के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। यह कार्यक्रम पूरे देश में 4 से 5 अलग-अलग स्थानों पर आयोजित करने की योजना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story