वारंगल में देश के पहले कार्यरत 'पीएम मित्र पार्क' का उद्घाटन
नई दिल्ली, 10 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को तेलंगाना के वारंगल में देश के पहले 1,695.54 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 'पीएम मित्र पार्क' का उद्घाटन किया है।
यह पार्क केंद्र सरकार के '5 एफ विजन' (फार्म टू फाइबर टू फैक्ट्री टू फैशन टू फॉरेन) को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा।
प्रधानमंत्री ने वारंगल पीएम मित्र पार्क का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अपनी वस्त्र उद्योग की ऐतिहासिक विरासत को फिर से मजबूत कर रहा है। पीएम मित्र पार्क देश में वस्त्र क्रांति को नई गति देगा और यहां स्थापित होने वाली इकाइयों को केंद्र सरकार की उत्पादन आधारित प्रोत्साहन योजना (पीएलआई) का भी लाभ मिलेगा। इससे विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।
वस्त्र मंत्रालय के अनुसार यह पार्क नागपुर-विजयवाड़ा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे (राष्ट्रीय राजमार्ग-163जी) और एन एच-163 के निकट स्थित है, जो इसे रेलवे और बंदरगाहों से बेहतरीन कनेक्टिविटी प्रदान करता है। पार्क को 'जीरो लिक्विड डिस्चार्ज' तकनीक और कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) के साथ डिजाइन किया गया है, जो पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करता है। इसमें 10 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र, औद्योगिक श्रमिकों के लिए छात्रावास और प्रसंस्करण इकाइयों के लिए कॉमन बॉयलर जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। 1,327 एकड़ में फैले इस पार्क में 6,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि मार्च 2023 में केंद्र सरकार ने तेलंगाना सहित सात राज्यों (तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, यूपी, गुजरात और एमपी) में पीएम मित्रा पार्कों की मंजूरी दी थी। तेलंगाना सरकार के काकातिया मेगा टेक्सटाइल पार्क को ब्राउनफील्ड श्रेणी में इस योजना में शामिल किया गया है।
यह पहल तेलंगाना के स्थानीय वस्त्र पारिस्थितिकी तंत्र को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने और भारत को कपड़ा निर्माण का वैश्विक हब बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

