प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर वीर सैनिकों के शौर्य को किया नमन

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर वीर सैनिकों के शौर्य को किया नमन


नई दिल्ली, 07 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर भारतीय सशस्त्र बलों के साहस, पराक्रम और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया। उन्होंने कहा कि एक वर्ष पहले भारतीय सेना ने पहलगाम में निर्दोष नागरिकों पर हुए हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए अद्वितीय साहस, सटीकता और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया ।

प्रधानमंत्री ने आज सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की आतंकवाद के खिलाफ कठोर नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के अटूट संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने भारतीय सेनाओं की पेशेवर क्षमता, तैयारी और आपसी समन्वय को भी दुनिया के सामने मजबूती से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत अभियान की बढ़ती ताकत को भी दर्शाया है, जिससे देश की सुरक्षा और अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद और उसे समर्थन देने वाले तंत्र को समाप्त करने के अपने संकल्प पर आज भी पूरी तरह अडिग है।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक संस्कृत सुभाषित साझा किया, “उदीर्णमनसो योधा वाहनानि च भारत। यस्यां भवन्ति सेनायां ध्रुवं तस्यां जयं वदेत्।। इस सुभाषित का अर्थ है कि हे भारत जिस सेना में ऐसे योद्धा हों जिनका मन उत्साह और साहस से भरा हुआ हो और जिनके वाहन भी सुसज्जित और सक्षम हों, उस सेना की विजय निश्चित मानी जाती है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपील की कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और सशस्त्र बलों के सम्मान में लोग अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप पर साझा की गई तस्वीर को अपनी डिस्प्ले पिक्चर बनाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story