23 मई को प्रधानमंत्री 19वें रोजगार मेले का शुभारंभ करेंगे

WhatsApp Channel Join Now
23 मई को प्रधानमंत्री 19वें रोजगार मेले का शुभारंभ करेंगे


वडोदरा, 22 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 23 मई 2026 को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 19वें रोजगार मेले का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री देशभर के 51 हजार से अधिक नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे तथा उन्हें संबोधित भी करेंगे।

देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित होने वाले इस रोजगार मेले के तहत केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में नियुक्तियां दी जाएंगी। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति रेल मंत्रालय, संचार मंत्रालय (डाक विभाग), रक्षा मंत्रालय, वित्त मंत्रालय समेत कई विभागों में की जाएगी।

इसी क्रम में पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल में भी रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। वडोदरा स्थित रेलवे ऑडिटोरियम, प्रतापनगर रेलवे कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में कुल 85 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इनमें रेलवे के 15, वित्तीय सेवा विभाग के 50 तथा पोस्ट ऑफिस के 20 अभ्यर्थी शामिल हैं।

वडोदरा में आयोजित कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। समारोह में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल, वडोदरा सांसद डॉ. हेमांग जोशी, मितेश पटेल, राजपालसिंह जादव, जशुभाई राठवा, मनसुखभाई वसावा, देवुसिंह चौहान, मुकेशकुमार दलाल, परभुभाई वसावा तथा विधायक योगेश पटेल, बालकृष्ण शुक्ला, मनीषाबेन वकील, केयूरभाई नारायणदास रोकड़िया, चैतन्य देसाई, धर्मेंद्रसिंह वाघेला और केतनभाई ईनामदार सहित अन्य अतिथि मौजूद रहेंगे।

रोजगार मेला युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Share this story