भीषण गर्मी के बीच प्रधानमंत्री ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की
नई दिल्ली, 27 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के विभिन्न हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी और लू की स्थिति के बीच नागरिकों से सतर्क रहने और सभी आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है। उन्होंने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, बाहर निकलते समय पानी साथ रखने और जरूरतमंदों को पानी उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर कई पोस्ट साझा करते हुए कहा कि अत्यधिक गर्मी सभी के लिए चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने लोगों को हीट एग्जॉशन के लक्षणों जैसे चक्कर आना, मतली और अत्यधिक थकान को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को कमजोरी, सिरदर्द या अस्वस्थता महसूस हो तो उसे तुरंत ठंडी और छायादार जगह पर ले जाकर पानी और ओआरएस उपलब्ध कराना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और बाहर काम करने वाले लोग अत्यधिक गर्मी में सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि लक्षणों की अनदेखी करने पर स्थिति गंभीर होकर हीटस्ट्रोक का रूप ले सकती है।
मोदी ने लोगों से अपने माता-पिता, दादा-दादी और अन्य बुजुर्ग परिजनों का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें नियमित रूप से फोन कर हालचाल लें और पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलने तथा पर्याप्त आराम करने की सलाह दें।
प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के दौरान पक्षियों और जानवरों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि घरों, बालकनी, छत, दुकानों और कार्यालयों के बाहर पानी से भरे छोटे बर्तन रखना प्यासे पक्षियों और जानवरों के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।
प्रधानमंत्री ने लिखा, “देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और इसके साथ ही दैनिक जीवन में गर्मी से होने वाली कई कठिनाइयां भी बढ़ रही हैं। मैं सभी देशवासियों से आग्रह करता हूं कि जितनी अधिक सावधानी बरत सकें, अवश्य बरतें। कृपया स्वयं को हाइड्रेटेड रखें, घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखें। ऐसे मौसम में आपकी संवेदनशीलता भी बहुत बड़ा सहारा बन जाती है। यदि संभव हो, तो किसी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी अवश्य दें। मैं ऐसे लोगों की सराहना भी करूंगा जो अपने घरों के और दुकानों के बाहर मटके में जल रखते हैं ताकि कोई भी उनसे पानी पी सके।”
एक अन्य पोस्ट में लिखा, “जब भी संभव हो, अपने माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी और अन्य प्रियजनों को फोन कर उनका हालचाल अवश्य पूछें। उन्हें पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलने और जितना हो सके, आराम करने की सलाह दें।”
प्रधानमंत्री ने लिखा, “इस प्रचंड गर्मी में हमें अपने आसपास के पशु-पक्षियों को भी नहीं भूलना चाहिए। अपने घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा एक छोटा-सा बर्तन रखना भी किसी प्यासे पक्षी के लिए जीवनदान बन सकता है। आइए, इन कठिन दिनों में पूरी संवेदनशीलता और करुणा के साथ एक-दूसरे का ध्यान रखें।”
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

