हरियाणा में विकास, सुशासन पर जनता ने लगाई मुहरः मोदी

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा में विकास, सुशासन पर जनता ने लगाई मुहरः मोदी


नई दिल्ली, 13 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा के नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत पर राज्य की जनता का आभार जताते हुए कहा कि इस परिणाम से विकास और सुशासन की नीतियों पर लोगों के अटूट विश्वास की पुष्टि हुई है।

मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “हरियाणा के नगर निकाय चुनावों में भाजपा की शानदार विजय के लिए राज्य के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार।”

उन्होंने कहा कि इस जीत से एक बार फिर स्पष्ट हो गया है कि जनता-जनार्दन का भाजपा-राजग सरकार द्वारा किए जा रहे विकास और सुशासन की नीतियों पर अटूट विश्वास है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह विजय राज्य की “डबल इंजन सरकार” पर हरियाणा के लोगों के भरोसे का भी प्रतीक है। उन्होंने इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा की इस जीत में अहम भूमिका निभाने वाले सभी कार्यकर्ताओं का वह हृदय से अभिनंदन करते हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story