पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत, नेताजी इंडोर स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत, नेताजी इंडोर स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम


पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत, नेताजी इंडोर स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम


कोलकाता, 16 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में केंद्र की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जेएवाई) के लागू होने की औपचारिक शुरुआत रविवार को कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम से हुई। इस मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने की। पश्चिम बंगाल के लिए यह स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

केंद्र सरकार के अनुसार, राज्य अब आयुष्मान भारत पीएम-जेएवाइ लागू करने वाला देश का 36वां राज्य/केंद्रशासित प्रदेश बन गया है। योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे गंभीर बीमारियों और अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा था कि राज्य में पहले से स्वास्थ्य साथी योजना के दायरे में आने वाले बड़ी संख्या में लाभार्थियों को आयुष्मान भारत के दायरे में लाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया था कि आयुष्मान भारत के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है और चरणबद्ध तरीके से लाभार्थियों को कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे।

राज्य सरकार के मुताबिक, इस योजना से पश्चिम बंगाल के उन लोगों को भी लाभ मिलने की संभावना है जो रोजगार, शिक्षा या अन्य कारणों से राज्य से बाहर रहते हैं। इससे दूसरे राज्यों में इलाज कराने वाले योग्य लाभार्थियों के लिए भी स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इससे पहले केंद्र के साथ हुई बातचीत के दौरान पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने के लिए करीब तीन हजार करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता की जानकारी दी थी। इसमें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और आयुष्मान भारत से जुड़ी मदों के लिए राशि शामिल है।

सरकार का दावा है कि इससे राज्य के सरकारी स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने, अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करने में मदद मिलेगी।

नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर खासा महत्व देखा जा रहा है। पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के बाद केंद्र और राज्य के बीच स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

आयुष्मान भारत पीएम- जेएवाई के पश्चिम बंगाल में लागू होने के साथ अब पात्र परिवारों को कैशलेस स्वास्थ्य उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। योजना के तहत सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में पात्र लाभार्थियों को निर्धारित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। यानी पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में आज से एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है, जिसका सीधा लाभ राज्य के पात्र परिवारों को मिलने वाला है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

Share this story