पंजाब में भाजपा के कई कार्यालयों में तोड़फोड़ व हमला

WhatsApp Channel Join Now
पंजाब में भाजपा के कई कार्यालयों में तोड़फोड़ व हमला


पंजाब में भाजपा के कई कार्यालयों में तोड़फोड़ व हमला


- तरनतारन, लुधियाना व मोहाली में स्थिति तनावपूर्ण बनी

चंडीगढ़, 11 मई (हि.स.)। पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद पंजाब की स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। रविवार को पंजाब के कई जिलों में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं तथा भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की स्थिति पैदा होने के बाद सोमवार को सीमावर्ती जिला तरनतारन तथा राजधानी चंडीगढ़ से सटे मोहाली जिले में भाजपा कार्यालयों में तोडफ़ोड़ की गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने स्थिति को संभाला।

सीमावर्ती जिला तरनतारन में आज भाजपा कायार्लय पर हमला हुआ है। 15 से 20 लोग अचानक ऑफिस में लाठी-डंडे लेकर दाखिल हुए और तोडफ़ोड़ की। कुर्सियां और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया व नारेबाजी भी की। इस दौरान कुछ पत्थर फेंकते दिखे। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

भाजपा जिला प्रधान हरजीत सिंह संधू ने बताया कि वह किसी प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे, तभी 15 से 20 लोग ऑफिस में घुस आए। उन्होंने कहा कि हमलावर लगातार नारेबाजी कर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे।

भाजपा नेताओं के अनुसार हमलावरों ने पंजाब एकता जिंदाबाद और भाजपा मुर्दाबाद के पोस्टर भी फेंके। घटना के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक हमलावर को पकड़ लिया। लेकिन उसके अन्य साथी उसे छुड़ाकर वहां से ले जाने में सफल रहे। इसके बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही थाना सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

तरनतारन के एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने कहा कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

जीरकपुर में नकाबपोश युवक अचानक भाजपा दफ्तर में दाखिल हुए और अंदर दीवारों पर इंक फेंकना शुरू कर दिया। युवकों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता गुरदर्शन सैनी की फोटो पर भी स्याही फैंकी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी कुछ मिनट तक कार्यालय में हंगामा करते रहे और बाद में मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है, जिसमें पांच नकाबपोश युवक कार्यालय की ओर आते और जाते दिखाई दे रहे हैं।

भाजपा नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों को डराने का प्रयास किया जा रहा है और रोजाना गुंडागर्दी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों में भी भय का माहौल बन रहा है। इसी दाैरान पंजाब के लुधियाना में भी भाजपा कार्यालय में असमाजिक तत्वाें ने हंगामा किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story