शरद पवार की तबीयत बिगड़ने पर फिर अस्पताल में भर्ती
मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में होंगे आगे के टेस्ट
पुणे के रूबी अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद मुंबई पहुंचे थे एनसीपी (एसपी) प्रमुख बेटी सुप्रिया सुले ने दी जानकारी, पीएम मोदी ने फोन कर जाना स्वास्थ्य का हाल
मुंबई, 04 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार को एक बार फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुधवार को पुणे के रूबी अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद मुंबई पहुंचे 86 वर्षीय पवार को आगे की चिकित्सकीय जांच के लिए ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने इसकी जानकारी दी।
बताया जाता है कि शरद पवार को दो दिन पहले तबीयत बिगड़ने के बाद पुणे के रूबी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार को देखते हुए डॉक्टरों ने बुधवार सुबह उन्हें छुट्टी दे दी थी। इसके बाद वे अपनी बेटी सुप्रिया सुले के साथ मुंबई पहुंचे।
सुप्रिया सुले ने बताया कि बाबा को आगे की चिकित्सकीय जांच के लिए ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। डॉक्टरों की सलाह के अनुसार उनकी आगे की जांच और उपचार किया जाएगा।
पीएम मोदी ने फोन कर जाना हालचाल
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शरद पवार से फोन पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। प्रधानमंत्री ने उन्हें पर्याप्त आराम करने, अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखने और पहले की तरह मार्गदर्शन देते रहने की सलाह दी थी।
पवार के करीबी विठ्ठल मणियार के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने बेहद आत्मीयता के साथ उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा। उन्होंने पवार से कहा कि स्वास्थ्य का ध्यान रखना जरूरी है और कुछ समय के लिए दौरे तथा अन्य गतिविधियां कम कर आराम करना चाहिए। मोदी ने यह भी कहा कि देश की चिंता करने के लिए सुप्रिया सुले हैं। उनके साथ मिलकर काम किया जाएगा। पवार आराम करें और पहले की तरह मार्गदर्शन देते रहें।
सूखा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के दौरान बिगड़ी थी तबीयत
गौरतलब है कि 86 वर्षीय शरद पवार महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे थे। इसी दौरान पिछले सोमवार को उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें पुणे के रूबी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनके सूखाग्रस्त क्षेत्रों के दौरे सहित अन्य निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए गए थे। उन्हें खांसी और सीने में दर्द (प्ल्यूरिटिक पेन) की शिकायत बताई गई थी।
फिलहाल आगे की चिकित्सकीय जांच के लिए उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

