आईआईटीएन बाबा अभय सिंह ने कर ली शादी, पत्नी संग पैतृक जिला झज्जर पहुंचे

WhatsApp Channel Join Now
आईआईटीएन बाबा अभय सिंह ने कर ली शादी, पत्नी संग पैतृक जिला झज्जर पहुंचे


आईआईटीएन बाबा अभय सिंह ने कर ली शादी, पत्नी संग पैतृक जिला झज्जर पहुंचे


-हिमाचल में दो माह पहले रचाई थी शादी

चंडीगढ़, 06 अप्रैल (हि.स.)। प्रयागराज महाकुंभ-2025 से चर्चा में आए हरियाणवी मूल के आईआईटीएन बाबा अभय सिंह ने शादी कर ली है। सोमवार को पत्नी समेत अपने पैतृक कस्बा झज्जर पहुंचे अभय ने बताया कि उनकी पत्नी का नाम प्रतीका है। अभय सिंह बैंक तथा तहसील के कार्य से झज्जर पहुंचे थे।प्रयागराज महाकुंभ के बाद अभय कहीं नजर नहीं आए। अभय सिंह मूलरूप से झज्जर के सासरौली गांव के रहने वाले हैं। बॉम्बे आईआईटी से एयरो स्पेस इंजीनियरिंग करने वाले अभय सिंह प्रयागराज महाकुंभ में संन्यासी वेश में नजर आने के बाद देश-विदेश में चर्चा में आए थे।

आज सुबह झज्जर आकर वह सबसे पहले वह बैंक गए और वहां केवाईसी कराई। इसके बाद वकील पिता से मिलने उनके चैंबर पहुंचे। वहां पिता के नहीं मिलने पर अभय सिंह पत्नी के साथ अपने घर पहुंचे। यहां उनकी मां शीला देवी ने बेटे-बहू का स्वागत किया। बहू का गृह प्रवेश कराया गया।

अभय सिंह ने बताया कि उन्होंने प्रतीका से 15 फरवरी को हिमाचल के अघंजर मंदिर में शादी की थी। फिर 19 फरवरी को कोर्ट मैरिज भी की। दोनों अपनी जिंदगी से खुश हैं। फिलहाल सादगी से रह रहे हैं।

अभय ने कहा कि अध्यात्म की तरफ रुझान होने से पहले वह पिता के साथ झज्जर कोर्ट की चैंबर में बैठते थे। उनकी पत्नी मूलरूप से कर्नाटक की रहने वाली हैं। वह भी इंजीनियर हैं। इस समय वह हिमाचल के धर्मशाला में रह रहे हैं।

शादी को लेकर अभय सिंह ने बताया कि इसमें छिपाने वाली कोई बात नहीं थी। 15 फरवरी को हमने हिमाचल के अघंजर महादेव मंदिर में जाकर शादी की। इसके बाद 19 फरवरी को कोर्ट मैरिज की। पत्नी ही आज मुझे यहां लेकर आई हैं।

पत्नी प्रतीका ने कहा कि अभय काफी सरल नेचर के हैं। वो बेहद ईमानदार और सच्चे इंसान हैं। मैं कर्नाटक से हूं और इनसे एक साल पहले मिली थी। मैंने इंजीनियरिंग कर रखी है। अब हम सनातन को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। हम विचार कर रहे हैं कि आगे चलकर सनातन यूनिवर्सिटी बनाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story