लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद भवन में वीर सावरकर को दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद भवन में वीर सावरकर को दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 28 मई (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर की जयंती के अवसर पर संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर अनेक केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों और पूर्व सांसदों ने भी वीर सावरकर को नमन किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा, संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, विधि एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल तथा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में स्थापित स्वातंत्र्यवीर वीडी सावरकर का चित्र प्रसिद्ध कलाकार चंद्रकला कुमार कदम द्वारा बनाया गया था। इस चित्र का आधिकारिक अनावरण 26 फरवरी, 2003 को तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वारा किया गया था।

उल्लेखनीय है कि, स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर, जिन्हें वीर सावरकर के नाम से जाना जाता है, का जन्म 28 मई, 1883 को हुआ था। वे भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख क्रांतिकारी, कवि, लेखक और समाज सुधारक थे। उन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और युवाओं को राष्ट्रभक्ति एवं क्रांतिकारी गतिविधियों के लिए प्रेरित किया।

वीर सावरकर ने अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह की सेल्युलर जेल में कठोर कारावास के दौरान अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। सामाजिक सुधार और आधुनिक भारत के निर्माण के समर्थक सावरकर ने तर्कवाद, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को बढ़ावा दिया।

उनका जीवन और विचार आज भी देशभक्ति, साहस और सामाजिक सुधार की प्रेरणा देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story