संसद में सरकार चर्चा को तैयार- रिजिजू ने विपक्ष पर सदन न चलने देने का लगाया आरोप; विपक्ष ने भी सरकार को घेरा

WhatsApp Channel Join Now
संसद में सरकार चर्चा को तैयार- रिजिजू ने विपक्ष पर सदन न चलने देने का लगाया आरोप; विपक्ष ने भी सरकार को घेरा


नई दिल्ली, 11 अगस्त (हि.स.)। संसद में छात्रों के प्रदर्शन और उनके खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार छात्रों के आंदोलन से जुड़े पूरे मामले पर विस्तृत चर्चा और हर बिंदु पर जवाब देने के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष इस पर चर्चा नहीं होने देना चाहता है। गृह मंत्री अमित शाह भी इस मुद्दे पर जवाब देने के लिए तैयार थे लेकिन कांग्रेस चर्चा के बजाय बाहर नारेबाजी कर रही है। उधर, विपक्षी नेताओं ने सरकार पर जवाबदेही से बचने का आरोप लगाया।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने यहां संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि सरकार ने सोमवार को ही छात्रों के प्रदर्शन से जुड़े घटनाक्रम पर पूरी और विस्तृत चर्चा की पेशकश की थी। सरकार की ओर से जवाब तैयार था और गृह मंत्री अमित शाह जवाब देने के लिए तैयार थे लेकिन विपक्ष ने चर्चा नहीं होने दी। मंगलवार को भी सरकार चर्चा के लिए तैयार थी लेकिन कांग्रेस ने बाहर प्रदर्शन और नारेबाजी की।

रिजिजू ने कहा कि सरकार छात्रों के प्रदर्शन से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर विस्तृत चर्चा और जवाब के लिए तैयार है। चर्चा होने पर पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने कांग्रेस से चर्चा से पीछे नहीं हटने की अपील करते हुए कहा कि मानसून सत्र अब समाप्ति की ओर है और सरकार ने छात्रों के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा का प्रस्ताव दिया है।

वहीं, कांग्रेस राज्यसभा सदस्य पवन खेड़ा ने कहा कि गृह मंत्री को युवाओं और उनके प्रतिनिधियों के सामने आने से डर क्यों लग रहा है। सरकार सदन में आने और छात्रों से जुड़े सवालों का सामना करने से बच रही है। खेड़ा ने भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को बसों में भरकर लाए जाने को लेकर भी सवाल उठाए।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नौजवानों के साथ पुलिस का व्यवहार गंभीर सवाल खड़े करता है। लाठीचार्ज और पैलेट गन के इस्तेमाल से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं और इस पूरे मामले पर सदन में चर्चा होनी चाहिए।

अखिलेश ने कहा कि अयोध्या राममंदिर चढ़ावा चोरी मामला भी जरूरी है। इसलिए दोनों मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, ताकि यह सामने आ सके कि इन घटनाओं के पीछे कौन लोग हैं और वास्तविकता क्या है। उन्होंने झारखंड में चल रहे छात्रों के प्रदर्शन पर कहा कि वहां सरकार पहले दिन से ही छात्रों से बात करने को तैयार है।

समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने राममंदिर ट्रस्ट से जुड़े चढ़ावे और जमीन लेनदेन के मामलों को लेकर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों की आस्था से जुड़े इस मामले में अब तक न तो स्पष्ट बयान दिया गया और न ही चढ़ावे से संबंधित राशि के इस्तेमाल तथा उसके कथित तौर पर गायब होने को लेकर जानकारी सार्वजनिक की गई।

डिंपल यादव ने कहा कि राममंदिर ट्रस्ट से जुड़े जमीन के लेनदेन के दस्तावेज मौजूद हैं और इस मामले में एसआईटी के गठन को दो साल हो चुके हैं। दस्तावेज और साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story