देश में इस वर्ष के अंत तक 350 रेलवे स्टेशनों का होगा नवनिर्माण : अश्विनी वैष्णव

WhatsApp Channel Join Now
देश में इस वर्ष के अंत तक 350 रेलवे स्टेशनों का होगा नवनिर्माण : अश्विनी वैष्णव


- अमृत भारत योजना में देश के 1300 स्टेशनों का होगा कायाकल्प, पंजाब का रेल बजट 5500 करोड़ तक पहुंचा

जालंधर, 17 जुलाई (हि.स.)। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि देश में इस वर्ष के अंत तक देश में 350 रेलवे स्टेशनों का नवनिर्माण किया जाएगा। इस दिशा में तेज गति से कार्य चल रहा है।

अश्विनी वैष्णव शुक्रवार को जालंधर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा रेल मंत्री ने देश में अमृत स्टेशन योजना के तहत नवनिर्मित 75 रेलवे स्टेशनों का उदघाटन करने के बाद भविष्य का रोडमैप पेश किया। रेल मंत्री ने बताया कि आज देश के 20 राज्यों में 75 स्टेशनों का उद्घाटन किया गया है। इनमें पंजाब के जालंधर के अलावा आनंदपुर साहिब तथा साहिबजादा अजीत सिंह नगर रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने 1300 रेलवे स्टेशनों ने नवनिर्माण का खाका तैयार किया है, जिनमें से 261 स्टेशन बनकर तैयार हो चुके हैं। अन्य स्टेशनों के नवीनीकरण का काम चल रहा है। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि देश के रेलवे स्टेशनों को आने वाले दशकों की क्षमता व जरूरतों को देखकर तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व की केंद्र सरकारों के कार्यकाल के दौरान पंजाब में रेल बजट मात्र 225 करोड़ होता था। केंद्र की मोदी सरकार ने इसको हर साल बढ़ाया और आज यह बजट 5500 करोड़ तक पहुंच चुका है।

रेल मंत्री ने बताया कि इस समय पंजाब में 30 हजार करोड़ की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। करीब 1800 करोड़ रुपये की लागत से 30 रेलवे स्टेशनों का नवनिर्माण किया जाएगा। इनमें से जालंधर, आनंदपुर साहिब, मुक्तसर तथा साहिबजादा अजीत सिंह नगर स्टेशनों का काम पूरा हो चुका है। इस समय पंजाब में 12 वंदे भारत तथा चार अमृत भारत ट्रेन चल रही हैं। भविष्य में इनकी संख्या को बढ़ाया जाएगा। रेल मंत्री ने बताया कि पंजाब में शत प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा हो चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story