परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में भाजपा का पंजाब में 36 स्थानों पर विरोध प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में भाजपा का पंजाब में 36 स्थानों पर विरोध प्रदर्शन


परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में भाजपा का पंजाब में 36 स्थानों पर विरोध प्रदर्शन


- सीबीआई जांच की मांग को लेकर डीसी के माध्यम से राज्यपाल को भेजे ज्ञापन

चंडीगढ़, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मानसा में नशा तस्करी के खिलाफ आवाज उठाने वाले युवा समाजसेवी परविंदर सिंह झोटा की फेसबुक लाइव के दौरान हुई हत्या के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को पंजाबभर में प्रदर्शन किए। भाजपा ने राज्य के 36 जिला मुख्यालयों पर धरने देकर आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और हत्याकांड की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से करवाने की मांग उठाई।

भाजपा के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने संबंधित जिलों के डिप्टी कमिश्नरों के माध्यम से पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को ज्ञापन भेजे। इनमें हत्याकांड की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई है।

अनिल सरीन ने कहा कि परविंदर सिंह झोटा लंबे समय से मानसा में नशा तस्करी और नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। वह युवाओं को नशे से बचाने के लिए अभियान भी चला रहे थे। भाजपा के अनुसार, 13 अक्टूबर को उनकी सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

भाजपा नेताओं ने दावा किया कि मृतक के पिता ने अपने बयान में स्थानीय विधायक का नाम लिया है। पार्टी ने यह भी कहा कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली चलाने से ठीक पहले हमलावर किसी से फोन पर बात कर रहा था। भाजपा ने इन तथ्यों के आधार पर मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

ज्ञापन में भाजपा ने मांग की कि हत्याकांड की जांच तत्काल सीबीआई को सौंपी जाए। हमलावर के कॉल रिकॉर्ड, व्हाट्सएप चैट, सीसीटीवी फुटेज और फेसबुक लाइव की रिकॉर्डिंग सहित सभी डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए। इसके अलावा, पीड़ित परिवार और विशेषकर नाबालिग बच्चों को तत्काल पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करवाई जाए।

पार्टी ने पंजाब में सक्रिय नशा तस्करी के नेटवर्क और उसे कथित तौर पर मिल रहे राजनीतिक संरक्षण की भी जांच करवाने की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि मामले में शामिल प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ बिना किसी राजनीतिक दबाव के कार्रवाई होनी चाहिए।

भाजपा ने इस हत्याकांड को राज्य की कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए राज्यपाल से हस्तक्षेप करने की अपील की। पार्टी का आरोप है कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सरकार विफल रही है।--------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760867 Articles

Share this story