किसी ने पाकिस्तान जाकर घर बसाया तो किसी ने धर्म बदल रचाई शादी

WhatsApp Channel Join Now

- पंजाब से जत्थे के साथ जाकर पहले भी लापता हुए हैं कई लोग

चंडीगढ़, 26 नवंबर (हि.स.)। पाकिस्तान में गुरुधामों की यात्रा पर गए जत्थे से तीन सिख श्रद्धालुओं के लापता होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। वर्ष 2025 में हुए घटनाक्रम की अभी तक भारत व पाकिस्तान की एजेंसियां जांच कर रही हैं।

पिछले साल पंजाब के कपूरथला की सरबजीत कौर प्रकाश पर्व के जत्थे के साथ पाकिस्तान गई थी, लेकिन जत्थे के भारत लौटने पर वह वापस नहीं आईं। बाद में खबर आई कि उन्होंने पाकिस्तान में धर्म परिवर्तन करके अपना नाम बदल लिया और निकाह कर लिया। यह मामला अभी भी पाकिस्तान की एक अदालत में विचाराधीन है।

इससे पहले वर्ष 2018 में बैसाखी के अवसर पर पाकिस्तान गए श्रद्धालुओं के जत्थे में शामिल किरण बाला नामक महिला लापता हो गई। बाद में खबर आई कि उसने पाकिस्तान में इस्लाम कबूल करके एक मुस्लिम युवक से शादी कर ली थी। इसी जत्थे में शामिल अमृतसर निवासी अमरजीत सिंह भी आज तक पाकिस्तान से वापस नहीं आया।

वर्ष 2015 में बैसाखी के अवसर पर पाकिस्तान गया फरीदकोट का एक पूरा परिवार आजतक वापस नहीं आया है। फरीकोट के गांव संधावाला निवासी सुनील सिंह, उनकी पत्नी सुनीता,बेटा उमर सिंह,बेटी हुमा कौर वहां जाकर गायब हो गए। उनके पासपोर्ट एक गुरुद्वारा साहिब के कमरे में मिले थे।

पंजाब पुलिस के सीआईडी विंग से जुड़े एक सेवानिवृत्त आला अधिकारी का मानना है कि पिछले करीब दस वर्षों में हुई घटनाओं में पता चला है कि यहां से जाकर पाकिस्तान रहने वाले श्रद्धालुओं की पृष्ठभूमि पाकिस्तान से जुड़ी रही है। उनके पूर्वज पाकिस्तान में रह गए थे। वह भीड़ से अलग होकर अपने पुराने परिवारों से मिल जाते हैं। दूसरा सोशल मीडिया के चलते सीमा पार प्रेम संबंधों के मामले भी भारतीय श्रद्धालुओं के गायब होने का मुख्य कारण है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story