पुंछ में नियंत्रण रेखा पर ड्रोन गतिविधि देखी गई, सैनिकों ने की गोलीबारी
पुंछ, 27 फ़रवरी (हि.स.)। जम्मू कश्मीर में पुंछ सेक्टर के गुलपुर गांव के ऊपर नियंत्रण रेखा के पास शुक्रवार सुबह एक संदिग्ध ड्रोन गतिविधि देखी गई।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सुरक्षा बलों ने नियमित निगरानी के दौरान नियंत्रण रेखा के पास एक ड्रोन को उड़ते देखा और उसे निष्क्रिय करने के प्रयास में लगभग 15 से 20 गोलियां दागीं। हालांकि, ड्रोन को गिराया नहीं जा सका।
सूत्रों ने बताया कि ड्रोन बाद में सिरियां गांव की ओर बढ़ा और फिर कथित तौर पर नियंत्रण रेखा के पार चला गया।
इस बीच सुरक्षा बलों ने इस पूरे इलाके में नियंत्रण रेखा पर निगरानी बढ़ा दी है। हालांकि यह पता नहीं चला है कि ड्रोन में कैमरा लगा था या फिर कोई सामान गिराया गया है।
विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

