ममूटी, अलका याज्ञनिक, रोहित शर्मा और आर. माधवन समेत 64 हस्तियों को पद्म सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
ममूटी, अलका याज्ञनिक, रोहित शर्मा और आर. माधवन समेत 64 हस्तियों को पद्म सम्मान


- राष्ट्रपति मुर्मु ने दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह में 2 पद्म विभूषण, 7 पद्म भूषण और 55 पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए

नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह के दूसरे चरण में अभिनेता ममूटी, पार्श्व गायिका अलका याज्ञनिक, क्रिकेटर रोहित शर्मा, अभिनेता आर. माधवन और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन सहित 64 हस्तियों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया। इस अवसर पर दो पद्म विभूषण, सात पद्म भूषण और 55 पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए गए।

समारोह में केरल के प्रख्यात मलयालम पत्रकार पी. नारायणन को साहित्य एवं शिक्षा तथा उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश के. टी. थोमस को लोक कार्य के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।

राष्ट्रपति ने मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी को उनके लंबे और उत्कृष्ट फिल्मी योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके पुत्र और अभिनेता दुलकर सलमान भी दर्शक दीर्घा में मौजूद रहे और उन्होंने अपने पिता को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक प्राप्त करते देखा। भारतीय संगीत जगत की प्रसिद्ध गायिका अलका याज्ञनिक को उनके बहुमूल्य योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। इसके अलावा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और आदिवासी नेता शिबू सोरेन (मरणोपरांत) पद्म भूषण से सम्मानित किय गया। पुरस्कार उनकी पत्नी रुपी सोरेन ने ग्रहण किया। वहीं पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. एस. के. एम. मयिलानंदन, सामाजिक नेता वेल्लापल्ली नटेसन तथा प्रख्यात ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. दत्तात्रेयुडु नोरी को भी पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।

राष्ट्रपति ने अभिनेता आर. माधवन को भारतीय सिनेमा और कला क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों के लिए पद्म सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा पद्म श्री पुरस्कार प्राप्त करने वालों में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान सविता पूनिया, तेलुगु अभिनेता राजेंद्र प्रसाद, अभिनेता डॉ. अनिल कुमार रस्तोगी, तकनीकी विशेषज्ञ शशि शेखर वेम्पति, संथाली शिक्षाविद चरण हेम्ब्रम, कांसा उत्कीर्णन कलाकार चिरंजी लाल यादव, आधुनिक असमिया रंगमंच के शिल्पकार नुरुद्दीन अहमद, मृदंगम वादक तिरुवारूर भक्तवत्सलम्, पदार्थ भौतिकी वैज्ञानिक डॉ. कृष्णमूर्ति बालासुब्रमण्यन, समाजसेवी बृजलाल भट्ट, संतूर वादक तरुण भट्टाचार्य, जामदानी और मलमल बुनाई के शिल्पकार जोतिश देबनाथ, रेशम विशेषज्ञ डॉ. जोगेश देउरी, तारपा वादक भिकल्या लाडक्या धिंडा, मानव दुग्ध बैंक की अग्रणी डॉ. अर्मिडा फर्नांडीज, वैज्ञानिक डॉ. चंद्रमौली गड्डमनुगु, डॉ. प्रेमलाल गौतम, कांस्य मूर्तिकार डॉ. राजस्थापति कालियप्पा गौंडर, डॉ. पदमा गुरमेद, अशोक कुमार हालदार, डॉ. सुरेश हनगवाड़ी, एयरोस्पेस वैज्ञानिक डॉ. शुभा वेंकटेश अय्यंगार, डेरा सचखंड बल्लां के संत निरंजन दास, कंप्यूटर वैज्ञानिक प्रो. वी. कामकोटी, शास्त्रीय गायिका प्रो. मंगला कपूर, उद्योगपति डॉ. अशोक खाडे, भाषाविद् डॉ. लियुदमीला खोखलोवा, शिक्षाविद् डॉ. प्रभाकर बसप्रभु कोरे, कार्बी लोकगायिका पखील लेकथेपी, मोहिनीअट्टम गुरु कलामंडलम विमला मेनोन, अभिनेता मागंटि मुरली मोहन, पर्यावरण संरक्षक मोहन नागर, पशु चिकित्सा वैज्ञानिक डॉ. पुण्यमूर्ति नटेसन, हथकरघा शिल्पकार सरत कुमार पात्र, सीमांचल पात्र, नागा लोककलाओं के संरक्षक गुरु संग्युसंग पोंगनर, वरिष्ठ सिविल सेवक रा. वे. सु. मणि, कृषि वैज्ञानिक प्रो. के. रामासामी, कर्नाटक संगीत की युगल कलाकार रजनी एवं गायत्री, प्रो. महेंद्र नाथ राय, जठरांत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतीक शर्मा, पूर्व आईपीएस अधिकारी सरदार इंदरजीत सिंह सिद्धू, हथकरघा एवं भित्ति चित्र कलाकार खेमराज सुंद्रियाल, जनजातीय क्षेत्रों में कार्य के लिए बुधरी ताती, वैज्ञानिक डॉ. कुमारासामी थंगराज तथा जनजातीय साहित्यकार नरेश चंद्र देव वर्मा प्रमुख रहे।

राष्ट्रपति ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं तीन बार सांसद रहे कबीन्द्र पुरकायस्थ, अभिनेता सतीश शाह, उद्योगपति टी. टी. जगन्नाथन, सहकारिता क्षेत्र के अग्रणी रामा रेड्डी मामिदी, कुश्ती प्रशिक्षक व्लादिमीर मेरिस्तवरीश्विली, बुंदेली लोककला संरक्षक भगवान दास रायकवार, कृषि विशेषज्ञ रघुपत सिंह तथा संथाली साहित्यकार रबीरलाल टुडू को मरणोपरांत पद्म श्री से सम्मानित किया। इनके परिजनों ने पुरस्कार ग्रहण किए।

राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस गरिमामय समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्य, विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां तथा पुरस्कार विजेताओं के परिजन उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति मुर्मु ने 25 मई को आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह के प्रथम चरण में 66 हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए थे। केंद्र सरकार ने वर्ष 2026 के लिए कुल 131 पद्म पुरस्कारों को मंजूरी दी है, जिनमें पांच पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story