पबित्रा मार्गेरिटा की चार लैटिन अमेरिकी और कैरेबियाई देशों की आधिकारिक यात्रा से द्विपक्षीय संबंधों को मिलेगी नई गति

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने 8-15 मई तक चार लैटिन अमेरिकी और कैरेबियाई देशों कोस्टा रिका, होंडुरास, बेलीज़ और डोमिनिका राष्ट्रमंडल का अपना आधिकारिक दौरा सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार इस उच्च स्तरीय यात्रा का मुख्य उद्देश्य मध्य अमेरिका तथा कैरेबियन क्षेत्र के देशों के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी, सांस्कृतिक संबंधों और द्विपक्षीय सहयोग को एक नए स्तर पर ले जाना था।

पबित्रा मार्गेरिटा ने कोस्टा रिका गणराज्य (8-10 मई ), होंडुरास गणराज्य (10-11 मई), बेलीज (12-13 मई ) और डोमिनिका राष्ट्रमंडल (14-15 मई) का आधिकारिक दौरा किया।

कोस्टा रिका में, राज्य मंत्री ने नव निर्वाचित राष्ट्रपति लौरा वर्जीनिया फर्नांडीज डेलगाडो के राष्ट्रपति पद के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान, उन्होंने नए विदेश मंत्री मैनुअल टोवर और विज्ञान, नवाचार, प्रौद्योगिकी और दूरसंचार मंत्री पाउला बोगेंटेस से मुलाकात की। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से बातचीत की और विदेशों में रहने वाले भारतीयों के कल्याण के प्रति भारत सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

शांति विश्वविद्यालय में, उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की, 'वासुदेव कुटुंबकम' दीवार का उद्घाटन किया और एक पेड़ मां के नाम पहल के तहत एक पौधा लगाया।

होंडुरास में नई सरकार के गठन के बाद भारत की पहली उच्च स्तरीय यात्रा थी। इस यात्रा के दौरान, पबित्रा ने होंडुरास गणराज्य की प्रथम उपराष्ट्रपति मारिया एंटोनीटा मेजिया, राजदूत, विदेश मामलों और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग राज्य सचिव मिरेया अगुएरो तथा होंडुरास के संस्कृति, कला और विरासत सचिवालय के राज्य सचिव यासर हांडल कारकामो के साथ सार्थक बैठकें कीं। उन्होंने भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ भी बातचीत की।

बेलीज की यात्रा के दौरान, राज्य मंत्री ने बेलीज की गवर्नर जनरल डेम फ्रॉयला त्ज़लम से मुलाकात की और द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की। उन्होंने मंत्रिमंडल के सदस्यों और जीवन के अन्य क्षेत्रों के प्रमुख लोगों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। उन्होंने भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों से बातचीत की। उन्होंने बेलमोपन स्थित बेलीज विश्वविद्यालय परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की और बेलीज के राष्ट्रपिता जॉर्ज प्राइस की प्रतिमा पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

डोमिनिका राष्ट्रमंडल की अपनी यात्रा के दौरान, राज्य मंत्री ने डोमिनिका राष्ट्रमंडल की राष्ट्रपति सिल्वेनी बर्टन डीएएच तथा कार्यवाहक प्रधानमंत्री एवं वित्त, आर्थिक विकास, जलवायु लचीलापन एवं सामाजिक सुरक्षा मंत्री डॉ. इरविंग मैकइन्टायर से मुलाकात की और द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की।

इसके अलावा उन्होंने विदेश मामलों, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार, ऊर्जा मंत्री डॉ. विंस हेंडरसन के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। भारतीय फार्माकोपिया और क्यूआईपी की मान्यता से संबंधित दो समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किए गए। उन्होंने कलिनागो क्षेत्र में सामुदायिक लचीलेपन को मजबूत करने के लिए भारत की अनुदान सहायता और भारत-यूएनडीपी परियोजना के तहत त्वरित प्रभाव परियोजनाओं के कार्यान्वयन स्थलों का दौरा किया।

उन्होंने समुदाय के वंचित परिवारों को पिछवाड़े में बागवानी के उपकरण किट सौंपे और एक पेड़ मां के नाम पहल के तहत एक पौधा लगाया।

चार देशों की इस यात्रा ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और मध्य अमेरिका और कैरेबियन क्षेत्र के साथ भारत की भागीदारी को और आगे बढ़ाने की भारत की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ किया। यह यात्रा ऐसे महत्वपूर्ण समय में हुई जब भारत लैटिन अमेरिकी और कैरेबियन क्षेत्र के देशों के साथ अपनी साझेदारी को और मजबूत कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story