इस बार देश में बदलाव की हवा चल रही हैः शशि थरूर


पटना, 24 मई (हि.स.)। कांग्रेस के निवर्तमान सांसद एवं वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने दावा किया है कि इस बार देश में बदलाव की हवा चल रही है। चार जून को जब लोकसभा चुनाव का परिणाम घोषित होगा तब पता चल जाएगा। पटना के सदाकत आश्रम में शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए ये दावा किया।
शशि थरूर ने कहा कि पांचवे चरण के चुनाव के बाद भाजपा बहुमत के निशान से काफी नीचे चली जाएगी। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के मतदान के बाद देशभर में विपक्षी आईएनडीआई गठबंधन के लिए रुझान बेहद उत्साहजनक हैं।
कांग्रेस सांसद थरूर ने दावा किया कि चार जून को मतगणना के दिन केंद्र में सरकार बदल जाएगी। चार जून को दिल्ली में सत्ता परिवर्तन का विश्वास जताते हुए कहा कि इस समय सरकार में भाजपा के पास लोकसभा में 303 का बहुमत है लेकिन अब यह साफ हो चुका है कि वे सत्ता से जा रहे हैं। बहुमत के आंकड़े से भाजपा काफी नीचे है। उनका मौजूदा गठबंधन एनडीए भी उन्हें बहुमत तक पहुंचने में मदद करने के लिए पर्याप्त नहीं होगा।
थरूर ने कहा कि आईएनडीआई गठबंधन के लिए रुझान किसी एक एरिया में नहीं है बल्किभारत के हर जगह में है। हम अपने उम्मीदवारों के प्रति उल्लेखनीय उत्साह और भाजपा के प्रति उत्साह की उल्लेखनीय कमी देख रहे हैं। कई मामलों में भाजपा के गढ़ों में, मतदान में गिरावट आई है।
हिन्दुस्थान समाचार/ चंदा/प्रभात