भाजपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, 24 नेताओं को नई जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, 24 नेताओं को नई जिम्मेदारी


भाजपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, 24 नेताओं को नई जिम्मेदारी


भाजपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, 24 नेताओं को नई जिम्मेदारी


नई दिल्ली, 24 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न राज्यों में पार्टी नेताओं को नई संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

भाजपा केंद्रीय कार्यालय की ओर से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कुल 24 नेताओं की नियुक्तियां की गई हैं। इनमें राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन), प्रदेश महामंत्री (संगठन), प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) समेत संगठन की विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां शामिल हैं। शिवप्रकाश को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी देते हुए आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा का दायित्व सौंपा गया है। वहीं सौदान सिंह को बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी दी गई है।

बी. सतीश को एससी-एसटी मोर्चा और संसदीय कार्यालय का दायित्व दिया गया है, जबकि नागेन्द्र को संगठन एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अजय जामवाल को महाराष्ट्र का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। वहीं, सतीश धोंड को महाराष्ट्र में प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) के साथ गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र में जनजाति संपर्क की जिम्मेदारी दी गई है।

अन्य नियुक्तियों में मधुकर को आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना, दशरथ को तेलंगाना तथा रविंद्र राजू को असम एवं त्रिपुरा के साथ कार्यालय निर्माण का दायित्व दिया गया है। भीमाबाई दलसानिया को बिहार, पवन साईं को झारखंड और सिद्धार्थन को हिमाचल प्रदेश का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा रत्नाकर को गुजरात, दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन-दीव; अरुण बिनवाड़ी को गुजरात; फणीन्द्रनाथ शर्मा को उत्तराखंड; पवन राणा को दिल्ली एवं हरियाणा; कर्मवीर को छत्तीसगढ़ और चन्द्रशेखर को मध्य प्रदेश का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है।

मानस मोहंती को ओडिशा, मंत्री श्रीनिवासुलु को पंजाब एवं चंडीगढ़, धर्मपाल को उत्तर प्रदेश और अमिताभ चक्रवर्ती को पश्चिम बंगाल का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है। संगठन के स्तर पर अभय गिरी को ब्रज क्षेत्र तथा अनंत नारायण मिश्र को भागलपुर, पूर्णिया एवं कोसी क्षेत्र का संगठक बनाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story