भारतीय सेना का ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद पर बड़ी चोट : नकवी

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 07 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि भारतीय सुरक्षा बलों का पाकिस्तान के खिलाफ किया गया ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद पर बड़ी चोट है। भारतीय सेना के इस पराक्रम को आतंकवाद के खिलाफ लड़ी गई लड़ाई के इतिहास में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति और उनके दूरदर्शी संकल्प के लिए सदैव याद किया जाएगा।

भाजपा नेता नकवी ने आज उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पहलगाम हमले के खिलाफ किए गए ऑपरेशन सिंदूर पर यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भारत के सुरक्षा बलों ने प्रधानमंत्री मोदी के मजबूत और दूरदर्शी नेतृत्व के संकल्प के साथ जालिमों के जुर्म और दहशतगर्दों की जागीरदारी को नेस्तनाबूद करने का पराक्रम किया है। यह धर्मयुद्ध का मार्ग है। नकवी ने कहा कि आज पाकिस्तान आतंकवाद का टेरिटरी बन गया है। उसके खत्म होने और टुकड़े-टुकड़े होने का वक्त आ गया है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकियों और आतंक को पालता-पोसता है। वह दहशतगर्दों की सुरक्षा के लिए इस्लाम को कवच के रूप में इस्तेमाल करता है। यह शैतानी हरकत है। आतंवादियों को इस्लाम की आड़ में सुरक्षा कवच प्रदान करना इंसानियत के खिलाफ है। ऐसा करने वाला समूची इंसानियत का दुश्मन होता है। पाकिस्तान दहशतगर्दी की उपज को अपना राष्ट्रीय एजेंडा मानता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आतंकी आका मुल्क के खिलाफ सारी दुनिया को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। पाकिस्तान का यह चरित्र समूची मानवता के लिए चुनौती है।

भाजपा नेता नकवी ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अब भी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आता तो उसे और कड़ा दंड भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए। धर्मयुद्ध की इस लड़ाई में उसे दहलाने वाला और कठोर संदेश देने वाला दंड मिलेगा। नकवी ने कहा कि सुरक्षा बलों का राष्ट्रहित में किया गया यह पराक्रम आज जम्मू-कश्मीर से कन्याकुमारी तक ही नहीं चारों दिशाओं में गूंज रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story