भारत-सेशेल्स संसदीय संबंधों को नई दिशा देने पर जोर, ओम बिरला से मिलीं अज़ारेल अर्नेस्टा

WhatsApp Channel Join Now
भारत-सेशेल्स संसदीय संबंधों को नई दिशा देने पर जोर, ओम बिरला से मिलीं अज़ारेल अर्नेस्टा


नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से बुधवार को सेशेल्स की नेशनल असेंबली की अध्यक्ष अज़ारेल अर्नेस्टा ने प्रतिनिधिमंडल के साथ संसद भवन में मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने भारत और सेशेल्स के बीच संसदीय सहयोग, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की।

बैठक में स्वास्थ्य, डिजिटल परिवर्तन, बुनियादी ढांचे और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। दोनों नेताओं ने उत्साहपूर्ण माहौल में हुई बैठक को भारत-सेशेल्स के संसदीय संबंधों को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण अवसर बताया।

बिरला ने सेशेल्स की पहली महिला स्पीकर के रूप में लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने के लिए अर्नेस्टा के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष तथा सेशेल्स की स्वतंत्रता के 50 वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई दी।

बिरला और अर्नेस्टा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हालिया सेशेल्स यात्रा और वहां की संसद में उनके संबोधन से दोनों देशों के संबंधों को मिली नई ऊर्जा पर प्रसन्नता व्यक्त की। बिरला ने दोनों देशों की संसदों के बीच संसदीय सहयोग बढ़ाने और लोकतांत्रिक मूल्यों की साझा विरासत को मजबूत करने पर जोर दिया।

बिरला ने सेशेल्स के सांसदों को भारतीय संसद का भ्रमण करने और देश की समृद्ध लोकतांत्रिक व्यवस्था को करीब से समझने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने सेशेल्स के सांसदों को भारतीय संसदीय व्यवस्था, समिति प्रणाली और संसद पुस्तकालय से परिचित कराने का प्रस्ताव भी रखा।

उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को भारतीय संसद में तकनीक, नवाचार, डिजिटल संसद और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग से आए बदलावों की जानकारी दी। बिरला ने संसदीय क्षमता निर्माण के क्षेत्र में प्राइड् के माध्यम से भारत के अनुभवों को सेशेल्स के साथ साझा करने की बात कही और सेशेल्स के सांसदों एवं अधिकारियों को प्राइड् के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से लाभ लेने का सुझाव दिया।

दोनों पक्षों ने संस्कृति, शिक्षा और पर्यटन के माध्यम से दोनों देशों के बीच जनसंपर्क को और मजबूत करने तथा ग्लोबल साउथ की आवाज को प्रभावी बनाने के लिए मिलकर काम करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

बिरला ने हिंद महासागर क्षेत्र में सेशेल्स को भारत का विश्वसनीय साझेदार बताते हुए ‘विजन महासागर’ में उसकी भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सहित अन्य बहुपक्षीय मंचों पर क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story