लोकसभा अध्यक्ष, गृह मंत्री समेत नेताओं ने गुरु अंगद देव के प्रकाश पर्व पर दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (हि.स.)। सिख धर्म के द्वितीय गुरु अंगद देव के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत शीर्ष नेताओं ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में गुरु अंगद देव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से मानवता, सेवा और अनुशासन की महान सिख परंपरा को आगे बढ़ाया। उनके आदर्श सदैव समाज को सही दिशा में प्रेरित करते रहेंगे।
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि गुरु अंगद देव ने सेवा, भक्ति और समाज सुधार को अपने जीवन का आधार बनाया। गुरुमुखी लिपि के विकास और लंगर परंपरा को सुदृढ़ कर उन्होंने समानता और एकता का संदेश दिया।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने गुरु साहिब को नमन करते हुए उनके योगदान को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संदेश में लिखा कि धर्म, अध्यात्म और सृजन की त्रिवेणी, सेवा, दया और करुणा के सागर, सिखों के द्वितीय गुरु, गुरु अंगद देव महाराज के पावन प्रकाश पर्व पर उनके चरणों में नमन करता हूं। ओजस्वी वाणी से निकले अमृत वचनों से उपजे प्रकाश से सर्वदा जगत का कल्याण होता रहेगा।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नमन करते हुए कहा कि गुरुमुखी लिपि के प्रसार और लंगर परंपरा को सुदृढ़ करने में उनका योगदान सामाजिक एकता और मानवीय मूल्यों को नई शक्ति प्रदान करता है। उनके प्रेरक विचार सदैव समाज को सेवा और सद्भाव के पथ पर अग्रसर करते रहेंगे।
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने गुरु अंगद देव जी को सेवा, दया और करुणा का सागर बताते हुए उनके प्रकाश पर्व पर शुभकामनाएं दीं।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने गुरु अंगद देव के प्रकाश पर्व की सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु साहिब के महान विचार और मानव सेवा के प्रति उनका समर्पण हमें सदैव सन्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी सिख समुदाय सहित सभी श्रद्धालुओं को बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि गुरु अंगद देव ने गुरुमुखी लिपि के विकास, लंगर परंपरा के विस्तार और सिख पंथ को सुदृढ़ आधार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन आज भी मानवता, सेवा और सद्भाव का संदेश देता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

