ओम बिरला ने श्रीलंकाई प्रतिनिधिमंडल से की मुलाकात, सहयोग और संबंधों पर दिया जोर

WhatsApp Channel Join Now
ओम बिरला ने श्रीलंकाई प्रतिनिधिमंडल से की मुलाकात, सहयोग और संबंधों पर दिया जोर


नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने श्रीलंका की संसद की मूलभूत ढांचा और सामरिक मुद्दों पर निगरानी समिति के अध्यक्ष एसएम मारिक्कर के नेतृत्व में आए संसदीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर संसदीय सहयोग, द्विपक्षीय संबंधों और मूलभूत ढांचा क्षेत्र में साझेदारी को विस्तार देने पर जोर दिया।

संसद भवन में मुलाकात के दौरान ओम बिरला ने कहा कि भारत और श्रीलंका के रिश्ते केवल पड़ोसी देशों के नहीं हैं, बल्कि साझा संस्कृति और विरासत से जुड़े आत्मीय संबंध हैं। भारतीय संसद का बजट सत्र देश के विकास से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा का अवसर देता है, जहां सरकार के खर्च और नीतियों की गहन समीक्षा कर भविष्य की दिशा तय की जाती है।

लोकसभा अध्यक्ष ने संसदीय समितियों को ‘मिनी संसद’ बताते हुए कहा कि इन समितियों में मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श कर ठोस और प्रभावी निर्णय तैयार किए जाते हैं। उन्होंने भारत-श्रीलंका संसदीय मैत्री समूह को द्विपक्षीय संबंधों में नई ऊर्जा देने वाला कदम बताया और सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।

बिरला ने कहा कि यह संवाद दोनों देशों के संसदीय संबंधों को नई ऊंचाई देगा और साझा प्रगति का मार्ग प्रशस्त करेगा। मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों ने मूलभूत संरचना के क्षेत्र में सहयोग विस्तार पर भी सहमति जताई।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story