ओम बिरला, अमित शाह समेत कई नेताओं ने कैप्टन विक्रम बत्रा को नमन किया

WhatsApp Channel Join Now
ओम बिरला, अमित शाह समेत कई नेताओं ने कैप्टन विक्रम बत्रा को नमन किया


नई दिल्ली, 09 सितंबर (हि.स.)। कारगिल युद्ध के महानायक कैप्टन विक्रम बत्रा की जयंती पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल, गिरिराज सिंह समेत कई नेताओं ने उनके अदम्य साहस, नेतृत्व और सर्वोच्च बलिदान को याद किया।

ओम बिरला ने एक्स पोस्ट में कहा कि कैप्टन विक्रम बत्रा ने कारगिल की बर्फीली चोटियों पर देशप्रेम और अप्रतिम वीरता के साथ राष्ट्र की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि कैप्टन बत्रा का शौर्य और साहस आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

अमित शाह ने कैप्टन बत्रा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि कारगिल युद्ध में उन्होंने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण चोटियों पर विजय हासिल करने के साथ-साथ अपने अद्वितीय नेतृत्व और शौर्य से साथी जवानों का मनोबल भी बढ़ाया। शाह ने कहा कि महज 24 वर्ष की आयु में मातृभूमि के लिए प्राणों की आहुति देने वाले ‘शेरशाह’ का जीवन सभी को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता रहेगा।

किरेन रिजिजू ने कैप्टन बत्रा को कारगिल युद्ध का नायक बताते हुए उनके अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए उनका समर्पण देशवासियों को राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने की प्रेरणा देता है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कैप्टन बत्रा ने कारगिल युद्ध में अभूतपूर्व वीरता का परिचय देकर भारत की विजयगाथा लिखी। वीर सपूतों के पराक्रम से ही मातृभूमि सुरक्षित है और कैप्टन बत्रा की अमर गाथा भावी पीढ़ियों को मातृभूमि की सेवा एवं रक्षा के लिए प्रेरित करती रहेगी।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कैप्टन बत्रा को अदम्य साहस और अतुलनीय वीरता का प्रतीक बताते हुए कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान विपरीत परिस्थितियों में उनका शौर्य और समर्पण इतिहास में सदैव अमिट रहेगा।

गिरिराज सिंह ने उन्हें कारगिल युद्ध का अमर नायक बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि देश की रक्षा के लिए उनका असाधारण बलिदान हमेशा देशवासियों के दिलों में अमर रहेगा।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कैप्टन बत्रा को भारत माता का वीर सपूत बताते हुए कहा कि कारगिल की दुर्गम चोटियों पर उन्होंने अदम्य साहस और अटूट संकल्प के साथ दुश्मन का सामना किया। उनका त्याग और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कैप्टन विक्रम बत्रा की जयंती पर उन्हें नमन किया और कारगिल युद्ध में उनके अदम्य साहस एवं दृढ़ संकल्प को याद किया।

उल्लेखनीय है कि कैप्टन बत्रा भारतीय सेना के एक अधिकारी थे, जिन्हें 1999 के कारगिल युद्ध में अदम्य साहस और पराक्रम दिखाने के लिए मरणोपरांत भारत के सर्वोच्च सैन्य सम्मान 'परमवीर चक्र' से सम्मानित किया गया था। कैप्टन बत्रा का जन्म 9 सितंबर 1974 को हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में हुआ था। सेना में उन्हें प्यार से 'शेरशाह' कहा जाता था।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story