ओडिशा विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से

WhatsApp Channel Join Now
ओडिशा विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से


भुवनेश्वर, 18 नवंबर (हि.स.)। ओडिशा विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो रहा है। यह सत्र 31 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान कुल 33 कार्यदिवस निर्धारित किए गए हैं। सत्र के पहले दिन वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट सदन में पेश किया जाएगा।

विधानसभा के प्रस्तावित कार्यसूची के अनुसार, सत्र की शुरुआत सरकारी कार्यों के साथ होगी। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रथम अनुपूरक व्यय विवरण प्रस्तुत किया जाएगा। 19 नवंबर को भी सरकारी कार्य निर्धारित हैं, जबकि शुक्रवार, 20 नवंबर को गैर-सरकारी सदस्यों के कार्यों के तहत विधेयकों और संकल्पों पर चर्चा होगी।

सदन की बैठक शनिवार, 21 नवंबर और सोमवार, 23 नवंबर को भी होगी। वहीं, मंगलवार, 24 नवंबर को रास पूर्णिमा के अवसर पर विधानसभा की कार्यवाही स्थगित रहेगी।

इसके बाद 25, 26 और 27 नवंबर को पहले अनुपूरक व्यय विवरण से संबंधित अनुदान मांगों पर चर्चा और मतदान होगा। सप्ताहांत के अवकाश के बाद सोमवार, 30 नवंबर को अनुपूरक बजट से संबंधित विनियोग विधेयक सदन में पेश किया जाएगा। इसी दिन विधेयक पारित किए जाने का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके पारित होने से विभिन्न विभागों को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अतिरिक्त धनराशि खर्च करने का अधिकार मिलेगा।

इस बीच, विधानसभा के शीतकालीन सत्र को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से संचालित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सहित आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778945 Articles

Share this story