एनवाईपीएस 2.0 से 1.03 लाख से अधिक छात्र और नागरिक युवा संसद कार्यक्रमों से जुड़े

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। संसदीय कार्य मंत्रालय के उन्नत राष्ट्रीय युवा संसद योजना (एनवाईपीएस) वेब पोर्टल एनवाईपीएस 2.0 के माध्यम से 21 जुलाई 2026 तक देशभर में 1,03,791 छात्रों और नागरिकों ने युवा संसद कार्यक्रमों में भागीदारी की है।

संसदीय कार्य राज्यमंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने सोमवार को राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में बताया कि मंत्रालय ने 11 सितंबर 2024 को एनवाईपीएस 2.0 शुरू किया था। पुराने पोर्टल पर केवल मान्यता प्राप्त संस्थानों के छात्रों को भाग लेने की सुविधा थी, जबकि नए पोर्टल को देश के सभी शैक्षणिक संस्थानों, समूहों और नागरिकों के लिए खोल दिया गया है।

11 सितंबर 2024 से 21 जुलाई 2026 तक संस्थागत श्रेणी में 4,939 पंजीकरण हुए और 1,611 युवा संसद कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 54,518 छात्रों ने भाग लिया। समूह श्रेणी में 732 पंजीकरण हुए और 26 कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 982 नागरिकों एवं छात्रों ने हिस्सा लिया। व्यक्तिगत श्रेणी में 48,291 नागरिकों एवं छात्रों ने भागीदारी की।

डॉ. मुरुगन ने बताया कि युवा संसद योजना की पहुंच बढ़ाने के लिए मंत्रालय ने सभी राज्य सरकारों, केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासन, राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की विधानसभाओं तथा विभिन्न शैक्षणिक बोर्डों, जिनमें सीबीएसई और सीआईएससीई शामिल हैं, को पत्र भेजे हैं। योजना के संबंध में प्रचार वीडियो ट्यूटोरियल भी समय-समय पर संसद टीवी पर प्रसारित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मंत्रालय के कंसल्टेटिव कमेटी मैनेजमेंट सिस्टम (सीसीएमएस) पोर्टल पर विभिन्न मंत्रालयों से संबंधित 42 परामर्शदात्री समितियों का विवरण उपलब्ध है। हितधारकों की आवश्यकताओं के अनुरूप सीसीएमएस पोर्टल को समय-समय पर डिजिटल रूप से उन्नत किया गया है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story