एनएसडीसी और कल्टस एजुकेशन ने एडब्ल्यूएस के सहयोग से क्लाउड और एआई स्किलिंग पहल शुरू की

WhatsApp Channel Join Now
एनएसडीसी और कल्टस एजुकेशन ने एडब्ल्यूएस के सहयोग से क्लाउड और एआई स्किलिंग पहल शुरू की


नई दिल्ली, 23 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) ने कल्टस एजुकेशन और अमेजन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस) के सहयोग से देशभर में क्लाउड और एआई स्किलिंग पहल की शुरुआत की है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य टियर‑2 और टियर‑3 शहरों के युवाओं को भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार करना है।

केंद्रीय कौशल विकास मंत्रालय ने बताया कि कार्यक्रम के तहत 1.5 लाख युवाओं को क्लाउड और एआई की बुनियादी जानकारी दी जाएगी, जबकि 10 हजार प्रतिभागियों को एडब्ल्यूएस प्रोग्राम और अन्य डिजिटल ट्रेनिंग कंटेंट के जरिए गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण पूरी तरह ऑनलाइन होगा और प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र के साथ रोजगार के अवसरों से जोड़ने का लक्ष्य रखता है।

कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना में अवसरों तक पहुंच भौगोलिक स्थिति या पृष्ठभूमि पर निर्भर नहीं होनी चाहिए। युवाओं को भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार करना हमारी प्राथमिकता है।

एडब्ल्यूएस की एपीजेसी लीड, रानी बर्चमोर ने कहा कि एडब्ल्यूएस नए प्रतिभाओं को कार्यबल में लाता है और संगठनों को प्रतिस्पर्धी बढ़त दिलाता है। कल्टस एजुकेशन के ग्रुप मैनेजिंग डायरेक्टर नलिन सिंह ने कहा कि असली स्किलिंग वही है जो आत्मविश्वास, प्रमाणपत्र और करियर अवसरों में बदल सके।

इस पहल का समापन राष्ट्रीय हैकाथॉन से होगा, जिसमें प्रतिभागी अपने क्लाउड और एआई समाधान प्रस्तुत करेंगे। एनएसडीसी के मुख्य परिचालन अधिकारी प्रशांत सिन्हा भी लॉन्च कार्यक्रम में मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story