मथुरा-भूतेश्वर यार्ड पुनर्गठन से कई ट्रेनें प्रभावित, कई निरस्त और कई के मार्ग बदले

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल के पलवल-मथुरा जंक्शन रेलखंड पर मथुरा जंक्शन (फेज-द्वितीय) और भूतेश्वर स्टेशनों पर यार्ड पुनर्गठन (रिमॉडलिंग) कार्य के कारण 9 एवं 10 अक्टूबर को कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। कार्य के चलते कुछ ट्रेनें पूरी तरह निरस्त रहेंगी, जबकि कई ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं। कुछ ट्रेनों को बीच के स्टेशनों से ही समाप्त या शुरू किया जाएगा और कई ट्रेनों को निर्धारित समय से देरी से चलाया जाएगा।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार मथुरा यार्ड में अप, डाउन, तीसरी और चौथी लाइन के संचालन को सुगम बनाने के लिए यह तकनीकी कार्य किया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अस्थायी तौर पर ट्रेनों के संचालन में ये बदलाव किए गए हैं।

10 अक्टूबर को गाड़ी संख्या 01941 आगरा कैंट-पलवल और 01942 पलवल-आगरा कैंट दैनिक स्पेशल पूरी तरह निरस्त रहेंगी। इसके अलावा 10 अक्टूबर को गाड़ी संख्या 09310 हजरत निजामुद्दीन-इंदौर को हजरत निजामुद्दीन-गाजियाबाद-मितावली-आगरा फोर्ट-बयाना मार्ग से चलाया जाएगा और यह मथुरा व भरतपुर में नहीं रुकेगी। गाड़ी संख्या 22868 हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग को गाजियाबाद-मितावली-आगरा कैंट होकर चलाया जाएगा और इसका मथुरा में ठहराव नहीं होगा।

गाड़ी संख्या 11078 जम्मूतवी-पुणे 9 अक्टूबर को नई दिल्ली-गाजियाबाद-मितावली-आगरा कैंट मार्ग से चलेगी। इसके कारण फरीदाबाद, मथुरा और राजा की मंडी के ठहराव प्रभावित होंगे। गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर कैंट-सिवनी 10 अक्टूबर को दिल्ली सफदरजंग-गाजियाबाद-मितावली-आगरा कैंट मार्ग से चलेगी। गाड़ी संख्या 18478 योग नगरी ऋषिकेश-पुरी मेरठ सिटी-खुर्जा-मितावली-आगरा कैंट होकर चलेगी और गाजियाबाद, हजरत निजामुद्दीन, फरीदाबाद, कोसीकलां, मथुरा तथा राजा की मंडी में नहीं रुकेगी।

गाड़ी संख्या 12190 हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर 10 अक्टूबर को गाजियाबाद-मितावली-आगरा कैंट होकर चलेगी। इसके चलते बल्लभगढ़, पलवल, कोसीकलां और मथुरा के ठहराव प्रभावित होंगे। गाड़ी संख्या 20807 विशाखापट्टनम-अमृतसर 9 अक्टूबर को आगरा कैंट-मितावली-गाजियाबाद-नई दिल्ली होकर चलेगी और मथुरा तथा हजरत निजामुद्दीन नहीं जाएगी।

यार्ड रिमॉडलिंग के कारण कुछ ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से भी किया जाएगा। गाड़ी संख्या 20489 बाड़मेर-मथुरा 9 अक्टूबर को मथुरा के बजाय गोवर्धन तक चलेगी, जबकि 10 अक्टूबर को 20490 मथुरा-बाड़मेर गोवर्धन से रवाना होगी। गाड़ी संख्या 64016 शकूरबस्ती-मथुरा और 64019 मथुरा-शकूरबस्ती 10 अक्टूबर को पलवल तक ही संचालित होंगी। गाड़ी संख्या 64904 गाजियाबाद-मथुरा और 64910 शकूरबस्ती-मथुरा कोसीकलां तक जाएंगी। वहीं 64903 मथुरा-गाजियाबाद और 64905 मथुरा-शकूरबस्ती 11 अक्टूबर को कोसीकलां से अपनी यात्रा शुरू करेंगी। गाड़ी संख्या 64073 धौलपुर-नई दिल्ली और 64074 नई दिल्ली-धौलपुर को भी 10 अक्टूबर को कोसीकलां पर ही समाप्त और शुरू किया जाएगा।

रेलवे ने कुछ ट्रेनों को रीशेड्यूल किया है। गाड़ी संख्या 12060 हजरत निजामुद्दीन-कोटा 10 अक्टूबर को 120 मिनट और 22209 मुंबई सेंट्रल-हजरत निजामुद्दीन 9 अक्टूबर को 150 मिनट की देरी से रवाना होगी। गाड़ी संख्या 12716 अमृतसर-नांदेड़ को 10 अक्टूबर को अमृतसर और सानेहवाल के बीच 120 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा।

इसके अलावा 4 से 9 अक्टूबर के दौरान अमृतसर-इंदौर (19326), जम्मूतवी-पुणे (11078), फिरोजपुर कैंट-सिवनी (20424), भिवानी-मथुरा (14725), योग नगरी ऋषिकेश-पुरी (18478), हजरत निजामुद्दीन-कोटा (12060), अमृतसर-नांदेड़ (12716) और हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर (12190) समेत विशाखापट्टनम, तिरुपति, कन्याकुमारी और तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन आने-जाने वाली कई ट्रेनों को उत्तर मध्य रेलवे प्रणाली में 10 से 110 मिनट तक नियंत्रित करके चलाया जाएगा। 9 और 10 अक्टूबर को तिरुपति-हजरत निजामुद्दीन (12707), विशाखापट्टनम-हजरत निजामुद्दीन (12803), योग नगरी ऋषिकेश-एलएमएनआर (14318) और श्री माता वैष्णो देवी कटरा-चेन्नई सेंट्रल (16032) भी 20 से 65 मिनट तक नियंत्रित रहेंगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story