त्योहारों पर आगरा कैंट से जम्मू के लिए चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ने वाली अतिरिक्त भीड़ को कम करने और यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए उत्तर रेलवे ने साप्ताहिक फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन नंबर 01903/01904 आगरा कैंट-शहीद कैप्टन तुषार महाजन-आगरा कैंट का संचालन निर्धारित तिथियों पर पांच-पांच फेरों के लिए किया जाएगा। इस ट्रेन के संचालन से आगरा, दिल्ली, पंजाब और जम्मू क्षेत्र के यात्रियों को राहत मिलेगी।

रेलवे की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 01903 आगरा कैंट से शहीद कैप्टन तुषार महाजन (एमसीटीएम) के लिए 01 से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को संचालित होगी। वहीं, वापसी में ट्रेन नंबर 01904 शहीद कैप्टन तुषार महाजन से आगरा कैंट के लिए 02 से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन के कुल पांच-पांच फेरे निर्धारित किए गए हैं।

फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन आगरा कैंट से चलकर वृंदावन रोड, कोसी कलां, दिल्ली सफदरजंग, रोहतक, जींद, जाखल, धूरी, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट और जम्मू तवी होते हुए शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन पहुंचेगी।

ट्रेन नंबर 01903 आगरा कैंट से रात 8 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12:20 बजे शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 01904 शहीद कैप्टन तुषार महाजन से शाम 4:05 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:40 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी। ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन के संचालन, ठहराव और समय-सारणी की नवीनतम जानकारी नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) पर प्राप्त करें। इसके अलावा रेल संबंधी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767496 Articles

Share this story